
पत्रिका स्टिंग : हाईवे पर फैल रहे काले कारोबार को रोकने की बजाय तस्करो पर बरसती रही मेहरबानी.....यहां पढे़ खबर
पाली. सुमेरपुर से जयपुर निकलने वाले राजमार्ग पर चल रहे जिस्मफरोशी, दूध, अवैध शराब, केमिकल, पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस की नींद नहीं उड़ी है। पुलिस इन तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के मूड में नजर नहीं आ रही है। जबकि, यह कारोबार पिछले तीन साल में ही फैला। तीन साल पहले सुमेरपुर विधायक मदन राठौड़ ने यह मामला विधानसभा में उठाया था। इसमें पाली पुलिस से कहा गया था कि हाइवे के प्रत्येक ढाबा संचालकों की कुण्डली पुलिस के पास हो, ताकि अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके। लेकिन एसपी दीपक भार्गव के पद संभालते ही यह काम ठण्डे बस्ते में चला गया। तब से हाइवे पर यह काला कारोबार पैर पसारता गया। इस पर पिछले तीन साल में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन सारे अवैध कामों का हाइवे अड्डा बन गया। गुड़ा एन्दला व सांडेराव थाना क्षेत्र का हाइवे क्षेत्र इसमें मुख्य है।
चौकी प्रभारी से एसपी तक- कार्रवाई की हिम्मत नहीं
पाली से सुमेरपुर तक हाइवे पर काले कारोबारियों का रुतबा ऐसा है कि उनके आगे गुंदोज पुलिस चौकी प्रभारी नारायण सिंह राजपुरोहित, गुड़ा एन्दला थानाधिकारी पर्बत सिंह, सांडेराव थानाधिकारी सीमा जाखड़, सीओ सुमेरपुर अमर सिंह, सीओ पाली ग्रामीण नरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योतिस्वरूप शर्मा व पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा रहा है। राजस्थान पत्रिका द्वारा मामला उजागर करने के बाद इन तस्करों को सतर्क कर दिया गया। राज्य मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष प्रकाश टाटिया, राज्य पुलिस के एडीजी क्राइम पीके सिंह पाली पुलिस अधीक्षक को इस बारे में निर्देशित कर चुके हैं, बावजूद इसके अधिकारियों की नींद नहीं खुली।
दो बच्चों के साथ महिला लापता, मामला दर्ज
पाली. शहर के राम नगर क्षेत्र से एक महिला अपने दो बच्चों के साथ बिना बताए घर से निकल गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। रामदेव रोड चौकीप्रभारी अशोकसिंह चारण ने बताया कि राम नगर क्षेत्र से 19 जून को हर्षिता उर्फ हिमा पत्नी आलोक घर से बिना बताए निकल गई। उसके साथ उसका नौ वर्षीय पुत्र पवन व चार वर्षीय पुत्र हिमांश भी है। पुलिस महिला की तलाश में जुटी है।
Updated on:
22 Jun 2018, 11:58 AM IST
Published on:
22 Jun 2018, 11:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.