पाली। संस्कृति का आधार हिन्दुत्व है। हिन्दू भाव का अर्थ है राष्ट्र के प्रति भक्ति और समाज के लिए समर्पण। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने रविवार को बांगड़ स्कूल मैदान में आयोजित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि उद्धार व विशाल हृदय हिन्दुत्व का भाव है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व हिन्दुत्व का भाव भारत को श्रेष्ठ बनाने का संकल्प जगाता है। हमें आज भारत को प्राचीन भारत से भी अधिक समृद्ध और सम्पन्न बनाना है। समाज से द्वेष, जाति, छुआछूत आदि के भावों को दूर करना है। इनके नाम पर ही राजनीति तक होती है। इससे मुक्ति पानी होगी। देश में समरसता लानी होगी। इसके लिए अपने स्वभाव व आचरण से संघर्ष करना होगा। जो लोग भारत को तोड़ने का प्रयास करने वाले है। उनसे चौकन्ना रहकर उनकी मंशा को विफल करना होगा। यह राष्ट्र धर्म है। हमें समाज की सुरक्षा का कर्तव्य निभाना है। इतिहास से प्रेरणा लेकर भविष्य के निर्माण का संकल्प करना है और भारत को स्वर्णिम राष्ट्र देखने का स्वप्न साकार करना है।
इस मौके पर सांसद पी.पी. चौधरी, विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व विधायक मदन राठौड़, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, पूर्व सभापति व पार्षद राकेश भाटी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ शहरवासी मौजूद रहे।