पाली और बाली विधानसभा की दिलचस्प सियासी तस्वीर
-राजेन्द्रसिंह देणोक
पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस की सियासी चौसर बिछ गई है। शह-मात के खेल में ज्यादातर पुराने खिलाड़ी आमने-सामने हैं। लेकिन, अन्य सीटों के मुकाबले पाली और बाली का सियासी इतिहास दिलचस्प और रोचक है। पाली एकमात्र ऐसी सीट हैं, जहां कांग्रेस ने कभी भी एक ही उम्मीदवार को अगले चुनाव में रिपीट नहीं किया। यानी हर चुनाव में पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने वाला चेहरा बदलता गया। इसके बावजूद यहां कांग्रेस को न तो एंटीइंकम्बेंसी का फायदा मिला और न ही नए उम्मीदवार का। यही कारण है कि 1977 से 2018 तक पाली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी महज दो बार मतदाताओं का भरोसा जीतने में सफल रहे, जबकि 7 बार नकार दिया गया। वह भी पहले दो चुनावों में ही कांग्रेस उम्मीदवारों को आशीर्वाद मिला था।
बाली : न बाहरी जीता, न स्थानीय
मतदाताओं का दिल जीतना आसान भी नहीं है। अब तक के चुनावों में बाली सीट पर कांग्रेस के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। यहां 1977 से लेकर 2023 तक महज एक बार कांग्रेस प्रत्याशी को दोबारा मौका दिया गया। शेष चुनाव-दर-चुनाव उम्मीदवार बदलते गए, लेकिन पार्टी प्रत्याशी मतदाताओं का भरोसा नहीं जीत पाए। यहां पार्टी ने कुछ नए प्रयोग भी किए। कभी बाहरी प्रत्याशियों को मैदान में उतारा तो कभी स्थानीय। लेकिन, वे भी मैदान नहीं मार पाए। दूसरी तरफ, भाजपा के कद्दावर नेता रहे भैरोसिंह शेखावत को इसी क्षेत्र के मतदाताओं ने दो बार जिताया औ मौजूदा भाजपा प्रत्याशी पांच बार के विधायक है।
इधर...भाजपा ने छठी बार किया रिपीट
कांग्रेस के उलट भाजपा छह बार से लगातार मौजूदा विधायकों पर ही दांव खेल रही है। पाली और बाली से एक ही व्यक्ति को छठी बार उम्मीदवार घोषित किया है। दोनों ही जगह पांच-पांच बार से चुनाव जीत रहे हैं। हालांकि, जिले की अन्य सीटों पर भाजपा की रणनीति बदलती रही है। सोजत, सुमेरपुर और जैतारण में मौजूदा विधायकों को दूसरी बार मौका दिया गया है।
कांग्रेस के उम्मीदवार
पाली विधानसभा सीट
2023 भीमराज भाटी
2018 महावीरसिंह राजपुरोहित
2013 भीमराज भाटी
2008 मानवेन्द्रसिंह रोहट
2003 भीमराज भाटी
1998 केवलचंद गुलेच्छा
1993 चन्द्रराज सींघवी
1990 भीमराज भाटी
1985 शौकत अली
1980 माणकमल मेहता (जीते)
1977 मूलचंद डागा (जीते)
परिणाम कांग्रेस : 02 भाजपा : 08
बाली विधानसभा सीट
2023 बद्रीराम जाखड़
2018 उम्मेदसिंह (एनसीपी)
2013 रतन जणवा
2008 जयसिंह राजपुरोहित
2003 जयसिंह राजपुरोहित
2002 भीमराज भाटी (उप चुनाव)
1998 उम्मेदसिंह चांपावत
1993 मीठालाल जैन
1990 जेठसिंह
1985 रघुनाथ (जीते)
1980 असलम खान (जीते)
1977 मोहनराज
परिणाम कांग्रेस : 02 भाजपा : 07 निर्दलीय : 01 जेएनपी : 01
बाली विधानसभा
कुल मतदाता - 331462
पुरुष मतदाता - 172813
महिला मतदाता - 158649
पिछला चुनाव परिणाम : 28187 मतों से भाजपा जीती
पाली विधानसभा
कुल मतदाता - 272553
पुरुष मतदाता - 140610
महिला मतदाता - 131943
पिछला चुनाव परिणाम : 19386 मतों से भाजपा विजयी
सवाल... क्या इतिहास रच पाएगी कांग्रेस
जनता के मन में ये सवाल है कि उम्मीदवार तो घोषित कर दिए। लेकिन, कांग्रेेस क्या पाली जिले में इतिहास रच पाएगी।