
Rishiraj Singh Devda (Patrika Photo)
पाली: राजस्थान के चूरू जिले में रतनगढ़ कस्बे के पास लड़ाकू विमान जगुआर क्रैश में पाली जिले के लाल फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा के शहीद होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता अपने लाडले की शादी के लिए लड़की देख रहे थे।
बता दें कि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ऋषिराज का गुरुवार को पैतृक गांव सुमेरपुर के पास खिवांदी में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पाली डेयरी फेडरेशन अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया ने बताया कि ऋषिराज सिंह शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थे। वे सेना में जाकर देश सेवा का जज्बा रखते थे। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई जोधपुर से की थी। 12वीं पास करने के बाद वे पूना गए और नेशनल डिफेंस एकेडमी गए, जहां साढ़े 3 साल का कोर्स किया।
परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहीद ऋषिराज सिंह देवड़ा के पिता जसवंत सिंह देवड़ा, माता और दादीसा हाल ही में खिवांदी गांव में आयोजित माताजी के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बुधवार को कार्यक्रम संपन्न होते ही वे जोधपुर रवाना हो गए। परिवार में माता-पिता, एक छोटा भाई और दादीसा बताए। ऋषिराज दो भाइयों में बड़े थे और अविवाहित थे। उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक छा गया।
ऋषिराज सिंह भारतीय वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 2023 में वायुसेना ज्वॉइन की थी। वे सूरतगढ़ में कार्यरत थे।
चूरू के रतनगढ़ क्षेत्र में बुधवार दोपहर भारतीय वायुसेना का एक जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया था। इस दुखद हादसे में विमान में सवार पायलट और को-पायलट शहीद हो गए। हादसा दोपहर 12:40 बजे भानुदा गांव के पास एक खेत में हुआ। विमान का मलबे आसपास के इलाके में फैल गया, वहीं हादसे की जगह पर एक बड़ा गड़्ढा बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण पायलट और को-पायलट इजेक्ट नहीं कर पाए। यह विमान सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था और ट्रेनिंग मिशन पर था। फिलहाल घटना के ठोस कारणों का पता नहीं चला है। सूत्रों के मुताबिक हादसे की प्रारंभिक वजह तकनीकी खामी बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
Updated on:
10 Jul 2025 10:27 am
Published on:
10 Jul 2025 08:56 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
