28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सेंदड़ा के ग्रामीणों का टूटा सब्र, किया धरना प्रदर्शन

अंडरपास से पानी निकासी की शुरू, स्थायी समाधान को लेकर बनी सहमति, 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पाली

•

image

Vivek Varma

•

Updated: 25 Nov 2019, 6:10 AM IST

pali

सेंदड़ा के ग्रामीणों का टूटा सब्र, किया धरना प्रदर्शन

रायपुर मारवाड़. सेंदड़ा से ब्यावर जाने वाले सम्पर्क मार्ग पर निर्मित रेलवे अंडरपास मेें जमा पानी से आवागमन अवरुद्ध हो जाने से परेशान ग्रामीणोंं का रविवार को सब्र जवाब दे गया। सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोहरीकरण का कार्य बंद करवा धरना प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले प्रदर्शन के बाद शाम को जिम्मेदारों की नींद टूटी। पानी निकासी शुरू कराने के साथ ही स्थायी समाधान पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने २४ घंटे में स्थायी समाधान नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
सवेरे सेंदड़ा सरपंच शंकरलाल कटारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण नारेबाजी करते हुए अंडरपास के पास पहुंचे। उन्होंने जहां दोहरीकरण का कार्य चल रहा था वहां बीच रास्ते पर धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने की वजह से निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे वाहन आगे नहीं बढ पाए। इससे निर्माण कार्य बंद हो गया। रेलवे ठेकेदार ने ग्रामीणों से समझाइश की लेकिन ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। दोपहर बाद सेंदड़ा उप तहसीलदार चैनाराम पटेल व सेंदड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों को हालात से अवगत कराया गया। इस दौरान विमलसिंह, सतीश पालीवाल, मुन्नीदेवी, मोहम्मद हनीफ, तिलोक काठात, रघुवीरसिंह, गणपतसिंह, राजूसिंह, रोहित, दादासिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस प्रदर्शन में केसरपुरा के ग्रामीणों ने भी हिस्सा लेकर समर्थन दिया।
ये बनी सहमति
शाम को रेलवे अधिकारी, रेलवे मुख्य ठेकेदार, रेलवे पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच एक घंटे तक वार्ता चली। सरपंच कटारिया ने अंडरपास में रिसाव के चलते हो रहे जल भराव को लेकर पानी निकासी के लिए नाली निर्माण कराने व जल भराव से हो रखे गड्ढों को बंद करवा सीसी सडक़ का निर्माण कराने की मांग रखी। जिम्मेदारों ने उसी समय अंडरपास के पास मशीन लगवा पानी की निकासी शुरू करवा दी। गड्ढों को सोमवार को बंद करवाने व स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
तीन माह से कर रहे थे अनदेखी
दरअसल, इस अंडरपास में पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। बारिश के दिनों में ये अंडरपास लबालब हो गया था। जिससे कई दिनों तक आवागमन बाधित रहा था। अब बारिश थमने के बाद रिसाव के चलते पानी का भराव हो रहा है। जिससे रोडवेज बसों का आवागमन ठप हो गया है। ग्रामीणों को तीन किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर दूसरे मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है। जिम्मेदारों द्वारा तीन माह से अनदेखी की जा रही थी। इससे परेशान होकर ग्रामीणों को धरना प्रदर्शन करने पर विवश होना पड़ा।
यहां चंदा एकत्रित कर पाई राहत
रेलवे के सभी अंडरपास में यही परेशानी है। हरिपुर के लोग पिछले पांच माह से परेशान हैं। बर मेघड़दा मार्ग पर बने अंडरपास में ही परेशानी थी। जिससे मेघड़दा व रेलमगरा के लोगों ने चंदा एकत्रित कर पानी की निकासी करवा वहां मिट्टी डलवाई है।