पाली। शहर के जोधपुर रोड सुभाष नगर बी स्थित भटवाड़ा में शुक्रवार दोपहर को दुल्हन की विदाई में देरी होने से माहौल गर्मा गया। वरपक्ष के कुछ लोग अलग-अलग वाहनों में सवार होकर आए और वधुपक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में सात लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट लेकर जांच शुरू की।
पाली शहर के जोधपुर रोड स्थित भटवाड़ा निवासी सागर ओड की बेटी की 29 मार्च को शादी थी। इस दौरान दुल्हन के रिश्ते के दादा परमेश्वर ओड को हार्ट अटैक आ गया। दुल्हन के पिता सागर ओड और अन्य रिश्तेदार उन्हें उपचार के लिए पाली से प्राथमिक उपचार के बाद अहमदाबाद ले गए। इधर, दुल्हन की विदाई की बात को लेकर दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को 30 मार्च की रात को दुल्हन पक्ष से कहासुनी हो गई। जिसे समझाइश कर सुलझा दिया गया था। शुक्रवार दोपहर को दुल्हन की राजी-खुशी विदाई हुई। कुछ देर बाद ही तीन से चार कारों में जोधपुर से दूल्हे पक्ष के कुछ लोग पाली के जोधपुर रोड भटवाड़ा दुल्हन के घर आए और हमला कर दिया। दोनों पक्षों की और से चाकूबाजी हुई। जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन जनों को जोधपुर रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर कांग्रेस नेता और ओड समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए। सीओ सिटी अनिल सारण, कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। शादी पार्षद दिलीप ओड के भाई की लड़की की थी।
ये हुए घायल
घटना में पाली के जोधपुर रोड भटवाड़ा निवासी दुल्हन पक्ष के नमित पुत्र सुमित ओड उम्र 19 साल, निखिल पुत्र सुमित ओड, मानवेंद्र पुत्र नारायण ओड उम्र 26 साल, साहिल पुत्र सागर ओड उम्र 22 साल चाकू लगने से घायल हो गए। दूसरे पक्ष के जोधपुर के चांदना भाकर निवासी भगत ओड पुत्र चंदूलाल ओड उम्र 50 साल, जोधपुर के बाईजी का तालाब निवासी जितेंद्र पुत्र मदनलाल ओड उम्र 40 साल और प्रेम पत्नी कपूर जी उम्र 45 साल घायल हो गए।
तकरार झगड़े का कारण बन गई
शादी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तकरार हो गई थी। जिसे आपसी समझाइश से सुलझा दिया गया था। शुक्रवार को जोधपुर से दो-तीन कारों में भरकर दूल्हे पक्ष के लोग आए और दोनों पक्षों में फिर से तकरार हुई जो झगड़े का कारण बन गई। –अनिल सारण, सीओ सिटी, पाली