
Dhantrayodashi 2023 : पंच पर्व का आगाज आज से, करोड़ों में खेलेगा बाजार
Dhantrayodashi 2023 : पाली में दीपोत्सव पंच पर्व का आगाज धनत्रयोदशी शुक्रवार से होगा। लोग खरीदारी करने के साथ दीपदान करेंगे। भगवान धन्वंतरि का पूजन कर खुशहाली की कामना करेंगे। धनत्रयोदशी पर लोग पीली माटी के रूप में धन घर लाएंगे। पंचपर्व में दूसरा त्योहार रूप चतुर्दशी 12 नवम्बर को मनाया जाएगा। दीपावली भी 12 नवम्बर को मनाई जाएगी। लोग गौधुली वेला के साथ विभिन्न मुहूर्त में धनदात्री माता महालक्ष्मी का पूजन कर खुशहाली की कामना करेंगे। पंचपर्व के तहत गोवर्धन पूजा 14 नवम्बर को की जाएगी। भाई दूज 15 नवम्बर को मनाई जाएगी।
पं. रमानंद श्रीमाली के अनुसार धनत्रयोदशी पर यम दीपदान, श्री पूजन, कुबेर पूजन के लिए सुबह 6:56 से 8:17 बजे चंचल, सुबह 8:17 से 9:38 बजे लाभ, सुबह 9:38 से 10:59 बजे अमृत वेला, दोपहर 12:21 से 1:42 बजे तक शुभ वेला, अपराह्न 4:25 से शाम 5:46 बजे तक चल गौधुलिक वेला व शाम 5:46 से रात 8:25 बजे तक प्रदोष वेला तथा रात 9:3 से 10:41 बजे तक लाभ वेला शुभ है।
खरीदारी के लिए ये रहेगा श्रेष्ठ समय
खरीदारी करने के लिए सुबह 8:17 से 9:38 बजे लाभ वेला, सुबह 9:38 से 10:59 बजे अमृत वेला, दोपहर 12:21 से 1:42 बजे तक शुभ वेला तथा शाम को प्रदोष वेला शाम 5:46 से रात्रि 8:25 बजे तक समय श्रेष्ठ है। मान्यता है कि धनत्रयोदशी पर किसी सामग्री की खरीद करने पर उसका फल 13 गुना मिलता है। इसी मान्यता के चलते लोग बर्तन, चांदी व सोने के आभूषण, रत्न, वाहन, इलेक्ट्रीक व इलेक्ट्रॉनिक, फर्नीचर सामग्री सहित अन्य की खरीद करेंगे।
इधर, बाजार भी जगमग, सजावट कर रही आकर्षित
पाली. धनत्रयोदशी व दीपोत्सव को लेकर बाजार उत्साहित है। प्रतिष्ठान रोशनी से जगमग है। फूलों की लडि़यों से सजे हैं, जो शहरवासियों के साथ बाजार में आने वाले खास व आम को आकर्षित कर रहे हैं। व्यापारी भी पंचपर्व का आगाज होने से पहले ही नवरात्र से शुरू ग्राहकी से उत्साहित है। व्यापारियों के अनुसार इस बार धनत्रयोदशी, नरक चतुर्दशी, दिवाली पर करोड़ों रुपए की ग्राहकी होने होगी। लोगों ने घरों की सजावट करने के साथ नए वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, किचन वेयर आदि की बुकिंग भी करवाई है।
बर्तन व ज्वेलरी बाजार तैयार
धनत्रयोदशी पर बर्तन व ज्वेलरी के साथ वाहन व इलेक्ट्रॉनिक सहित अन्य बाजार तैयार है। लोगों ने धनत्रयोदशी पर चांदी के सिक्के, गहने, वाहन के साथ फ्रीज, एलइडी, फर्नीचर आदि की बुकिंग करवाई है। बर्तन बाजार व किचन वेयर की नई वैरायटी लोगों को लुभा रही है।
सजावट की सामग्री से नहीं हटती नजर
घरों की सजावट के लिए बाजार में इस बार देशभर से उत्पाद पहुंचे है। परम्परागत बांदरवाल, फूलों की लडि़यों के साथ दीवार घड़ी, मांडणे, वॉल पेपर आदि की खरीदारी जोरों पर है। इसके साथ ही मिष्ठान बाजार में भी कई नई तरह की मिठाइयां तैयार की गई है।
ऑफर की बहार
बाजारों में ग्राहकों को लुभाने के लिए बड़ी-बड़ी कम्पनियों के ऑफर चल रहे है। इसके साथ ही पाली के शो-रूम संचालकों के साथ दुकानदारों ने भी कई ऑफर दिए है। मोबाइल से लेकर कपड़ों पर मिल रहे ऑफर के कारण बाजार में ऐसी रौनक है। व्यापारियों को पूरे दिन फुर्सत नहीं मिल रही।
Published on:
10 Nov 2023 09:36 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
