
Congress Leader jailed in attack on forest officials case (Patrika.com)
Congress Leader Jailed: मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की दिक्कते खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब उनके एक और नेता पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। आरोप है कि उन्होंने अवैध काम को रुकवाने आई वन विभाग की टीम पर हमला किया था। दरसल, पन्ना जिले में वन विभाग की टीम पर हमले के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता एवं पन्ना विधानसभा प्रत्याशी रहे भरत मिलन पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उन्हें जबलपुर से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया। (mp news)
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले से ही उनके भाई लखन लाल पाण्डेय उर्फ छोटा और भतीजा सोलू पाण्डेय फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस जांच के दौरान भरत मिलन पाण्डेय की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें भी आरोपी बनाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अजयगढ़ थाना पुलिस ने गुरुवार को जबलपुर के एक होटल में दबिश देकर भरत मिलन पाण्डेय को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें देर रात थाना अजयगढ़ लाया गया। शुक्रवार सुबह भरत मिलन पाण्डेय को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया और फिर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना 23 अप्रैल 2026 की है, जब वन परिक्षेत्र धरमपुर की बीट पिष्टा में वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान छटवां मील चौराहे पर पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। वन अमले ने पीछा कर सिल्हाई क्षेत्र में वाहन को रोका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह लखन लाल पाण्डेय के कहने पर जंगल से पत्थर ला रहा था और उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
इसी बीच मौके पर सोलू पाण्डेय पहुंच गया और कुछ ही देर बाद लखन लाल पाण्डेय भी वहां आ गया। आरोप है कि दोनों ने वन अमले के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अधिकारियों की वर्दी पकड़कर धक्का-मुक्की की, जान से मारने की धमकी दी और कार्यवाहक वनपाल की जेब से ट्रैक्टर की चाबी व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन छुड़ाकर मौके से भगा दिया गया। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी । फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। (mp news)
Published on:
01 May 2026 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
