
होली खेलएं रघुवीरा अवध मां होली गीत से गूंज उठा जुगल किशोर मंदिर परिसर
पन्ना. मंदिरों की नगरी में होली की उमंग और उल्लास पांचवें दिन भी छाया रहा। रंग पंचमी पर शनिवार की शाम को भगवान के व्यारी और शयन आरती के पूर्व यहां पर गुलाल, गुलाब की पंखुडिय़ों , इत्र और टेसू के फूलों की होली खेली गई। करीब एक घंटे तक चली इस पंचमी के होली कार्यक्रम में पूरा मंदिर परिसर गुलाल के रंग में रंग गया। लोगों ने एक दूसरे पर गुलाल छिड़ककर होली पर्व की शुभकामनाएं भी दी। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
गौरतलब है पवित्र नगरी पन्ना मंदिरों की नगरी के रूप में भी पहचाना जाता है। बुंदेलखंड के वृंदावन कहे जाने वाले पन्ना के भगवान जुगल किशोर मंदिर में त्यौहारों के समय मथुरा-वृंदावन जीवंत हो उठता है। यहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से लेकर सभी बड़े त्यौहार मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर ही मनाए जाते हैं। यहां होली उत्सव भी मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर मनाया गया। ***** के तीसरे दिन तीज पर्व पर यहां जुगल किशोर मंदिर में जहां महिलाओं ने होली खेली वहीं पंचमी पर यहां पुरुषों की होली आकर्षण का केंद्र रही। फाग और भजनों के साथ एक घंटे से भी अधिक समय तक चली इस होली में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरा मंदिर होली के गीतों और गुलाल के रंग में रंगा हुआ नजर आया। होली पर्व के इस अंतिम आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। होली के दौरान कई किग्रा. गुलाल उड़ाया गया। यहां मौजूद श्रद्धालु गुलाल के रंग में ही रंगे हुए नजर आए।
प्राणनाथ मंदिर में भी फूलों की होली
नगर का प्राणनाथ मंदिर भी होली पर्व के दौरान आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां होली मनाने के लिये देशभर से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आए हुए थे। होलिका दहन से पूर्व आए श्रद्धालु यहां पूरे होली पर्व के दौरान आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर रोमांचति रहे। यहां गुलाब,केसर और गुलाल की होली खेली गई। पंचमी पर यहां आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया । पन्ना प्रणामी समाज के अनुयायियों का अंतरराष्ट्रीय तीर्थ है। यहां हर उत्सव में हजारों की संख्या में प्रणामी समाज के लोग हिस्सा लेते हैं।
Published on:
15 Mar 2020 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
