
पन्ना/ सोमवार को पन्ना जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। ड्राइवर की लापरवाही से छात्रों से भरी बस पलटी गई। जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई है। इसके साथ ही दो दर्जन के करीब छात्र जख्मी हुए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस में सवार कई यात्रियों की स्थिति गंभीर है। बस में सवार छात्र स्कूल जा रहे थे।
दरअसल, यह हादसा पन्ना शहर से 35 किलोमीटर दूर रामखिरिया गांव के पास हुआ है। जहां पहाड़ीखेरा की तरफ से पन्ना आ रही अम्बे ट्रैवेल्स बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई है और 21 के करीब छात्र घायल हैं। गंभीर स्थिति में जख्मी यात्रियों को जिला अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रही है।
बृजपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ शर्मा ने कहा कि यह हादसा सुबह साढ़े दस बजे के करीब हुआ है। उसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत डायल हंड्रेड को दी। डायल हंड्रेड और एंबुलेंस की मदद से तुरंत घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक छात्रों की पहचान हो गई है। उनका नाम राम भरोसे और लक्ष्मण यादव है। दोनों गजना धर्मपुर गांव के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों ग्यारहवीं के छात्र हैं और बृजपुर के सरकारी स्कूल में पढ़ने जा रहे थे। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि हादसे में पंद्रह छात्र सहित कुल 21 लोग घायल हुए हैं। ये बच्चे हर दिन बस में सवार होकर ही गांव से स्कूल जाते थे। वहीं, दुर्घटना के बाद मौके से बस चालक फरार हो गया है। प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है। वहीं, घायल छात्रों का कहना है कि ड्राइवर बस को लापरवाही पूर्वक चला रहा था। जिन छात्रों को हल्की फुल्की चोट आई है, उन्हें कुछ घंटों बाद ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। ऐसे में ड्राइवर की गिरफ्तारी के बाद ही हादसे के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Published on:
10 Feb 2020 07:36 pm

बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
