पन्ना. गर्मी के तेवर तल्ख होने के साथ ही मध्यप्रदेश के कई जिलों में पानी की किल्लत शुरु हो गई है। पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं और कई बार उनके बीच पानी को लेकर झगड़े भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पन्ना जिले में सामने आया है जहां पानी भरने पहुंची महिलाओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के मलघन गांव का बताया जा रहा है जहां इन दिनों पीने के पानी को लेकर लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में पीने के पानी की पूर्ति करने वाले जल स्त्रोत सूखने लगे हैं जिसके कारण महिलाओं को पीने के पानी के लिए रोजाना मश्क्कत करनी पड़ती है। चिंता की बात ये है कि जब गर्मी की शुरुआत में पानी की इतनी किल्लत है तो आगामी दिनों में हालात और भी ज्यादा खराब हो सकते हैं।