
बांकीपुर में वोटिंग के बीच BJP-जनसुराज समर्थक आपस में भिड़े।
Bankipur By Election Voting:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच किदवईपुरी इलाके में बीजेपी और जन सुराज के समर्थकों के बीच पुलिस की मौजूदगी में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।
जन सुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी बूथ पर दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि बंटी मतदाताओं पर बीजेपी के पक्ष में मतदान करने का दबाव डाल रहे हैं और जो लोग ऐसा नहीं कर रहे, उन्हें वोट डालने से रोका जा रहा है।
वहीं, बीजेपी ने भी जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पार्टी के प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं के सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया को और सख्ती से लागू करने की मांग की है।
इधर, बीजेपी के बिहार प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक ने चुनाव आयोग से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं के सत्यापन (EPIC ID और मतदाता सूची में नाम के मिलान) की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने की मांग की है। उन्होंने बांकीपुर विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर (DCLR) को लिखे पत्र में कहा है, "हमारे संज्ञान में आया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता कथित रूप से फर्जी मतदान कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। ऐसी गतिविधियां लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को कमजोर करती हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता के विपरीत हैं।"
पत्र में उन्होंने चुनाव आयोग और मतदान अधिकारियों से अनुरोध किया है कि मतदान के दौरान सत्यापन संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मांग की है कि प्रत्येक मतदाता के लिए अपना इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) प्रस्तुत करना अनिवार्य किया जाए तथा मतदान से पहले उसकी पहचान का आधिकारिक मतदाता सूची से सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए। जनसुराज प्रमुख और बांकीपुर से पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भी इसका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की मांग को चुनाव आयोग को तुरंत माननी चाहिए, ताकि फर्जी मतदान नहीं हो सके।
Updated on:
30 Jul 2026 10:10 am
Published on:
30 Jul 2026 09:37 am
