
नीरज सिन्हा, रेखा गुप्ता और प्रशांत किशोर
Bankipur By Election Voting: बांकीपुर विधानसभा सीट पर आज (30 जुलाई) सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। चुनाव मैदान में कुल 26 प्रत्याशी हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के 422 मतदान केंद्रों पर करीब 3.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस विधानसभा क्षेत्र में कई वीवीआईपी मतदाता भी हैं, जो आज वोट डालेंगे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार भी इसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। उनका मतदान केंद्र वेटनरी कॉलेज परिसर में स्थित है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने इस चुनाव को एक सामान्य उपचुनाव से कहीं आगे बढ़ाकर बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाई बना दिया है। यह मुकाबला सिर्फ़ एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है। बांकीपुर उपचुनाव 'जन सुराज' के राजनीतिक भविष्य, भाजपा के इस पारंपरिक गढ़ पर उसकी पकड़ और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अपने मुस्लिम-यादव (एम-वाई) वोट बैंक को एकजुट बनाए रखने की क्षमता की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहीं से सभी 422 मतदान केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए मतदान केंद्रों पर चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं और सभी बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा बिहार पुलिस के 5,000 से अधिक जवान भी चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं।
किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में 28 विशेष चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। मतदाता अपने वाहन से मतदान केंद्र के 100 मीटर पहले तक जा सकेंगे। बूथों पर मोबाइल फोन रखने की भी व्यवस्था की गई है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मतदान के दौरान मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल लगातार गश्त करेगा, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
Updated on:
30 Jul 2026 08:37 am
Published on:
30 Jul 2026 08:11 am
