27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार के आखिरी दौर में BJP-RJD का शक्ति प्रदर्शन, वायरल वीडियो से बढ़ी बेचैनी

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान से पहले चुनावी मुकाबला पूरी तरह चरम पर पहुंच गया है। भाजपा, राजद और जनसुराज ने प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
3 min read
Google source verification
bjp rjd roadshow

बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार के आखिरी दौर में BJP-RJD का रोड शो

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान में अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनसुराज ने चुनाव प्रचार पूरी ताकत के साथ तेज कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रोड शो किया। दूसरी ओर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को कई चुनावी सभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से समर्थन मांगा।

इसी बीच रविवार से बांकीपुर उपचुनाव से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें सबसे अधिक चर्चा भाजपा नेताओं के चुनाव प्रचार के दौरान सामने आए वीडियो की हो रही है, जिनमें कुछ जगहों पर लोग उनसे सवाल पूछते और विरोध जताते नजर आ रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है। पिछले करीब 40 वर्षों से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है। ऐसे में इस बार का मुकाबला सभी दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।

सम्राट चौधरी का रोड शो

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, "बिहार की जनता एनडीए और भाजपा के साथ है। इस बार भी बांकीपुर सीट पर भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।"

मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान 'वंदे मातरम्' और 'जय श्रीराम' के नारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भगवा साड़ी और भगवा साफा पहनकर रोड शो में शामिल हुईं। रोड शो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। भाजपा का रोड शो भट्टाचार्य रोड स्थित बाइक जंक्शन से शुरू हुआ। इसके बाद यह उमा सिनेमा, कदमकुआं बुद्ध प्रतिमा, साहित्य सम्मेलन और बाकरगंज से गुजरते हुए गांधी मैदान स्थित मोना सिनेमा के समीप पहुंचकर संपन्न हुआ। इसके अलावा भाजपा सांसद मनोज तिवारी, लोकगायिका मैथिली ठाकुर और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में अलग-अलग चुनाव प्रचार किया।

इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें बिहार सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं से लोग सवाल पूछते नजर आए। कुछ स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच बहस भी देखने को मिली।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जनसभा के दौरान मंच के नीचे खड़े एक युवक ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का नाम लेते हुए 'विजय थलापति' कह दिया। इस पर मनोज तिवारी नाराज हो गए और मंच से ही उस युवक पर भड़कते दिखाई दिए।

तेजस्वी यादव का रोड शो

उधर, विदेश यात्रा से लौटने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन की उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत पटना के मीठापुर स्थित महागठबंधन के मुख्य चुनाव कार्यालय से हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे। रोड शो शुरू होने से पहले मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने दावा किया कि "इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता की जीत तय है।" उन्होंने कहा कि इस चुनाव में महागठबंधन मजबूत स्थिति में है।

यह चुनाव प्रचार अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ऐसे में सभी प्रमुख दल पूरी ताकत के साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो भी चुनावी चर्चा का अहम हिस्सा बन गए हैं।