
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन। (File Photo- IANS)
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होने वाला है। इसको लेकर विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज है। जहां एक तरफ जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। वहीं, भाजपा और राजद ने भी अब अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
बांकीपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी खुद मैदान में उतर गए हैं। आज बांकीपुर में सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने रोड शो के बाद एक रैली को संबोधित किया।
नितिन नवीन ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- बांकीपुर की जनता अहंकार के साथ कभी खड़ी नहीं रही है। यहां की जनता के साथ हमारे विनम्र संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा- जो लोग भाजपा और बांकीपुर की जनता के बीच विश्वास तोड़ने का काम कर रहे हैं, उन्हें मैं बता देना चाहता हूं कि वह अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे।
नितिन नवीन ने आगे कहा- बांकीपुर में मेरा परिवार रहता है, मेरा घर है और मेरे घर को भेदना इतना आसान नहीं है। इस बार नीरज सिन्हा की जीत नया इतिहास बनाने जा रही है।
उन्होंने इशारों में विरोधियों को भी घेरा। नवीन ने कहा- कुछ लोगों को केवल इस बात से पीड़ा हो रही है कि एक सामाजिक कार्यकर्ता को भाजपा ने कैसे टिकट दे दिया।
बता दें कि नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक साथ बांकीपुर उपचुनाव से पहले एक रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान सम्राट चौधरी ने कहा- बिहार की जनता एनडीए और भाजपा के साथ है और इस बार भी नीरज सिन्हा 'कमल' चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़कर बांकीपुर सीट भारी अंतर से जीतेंगे।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- कुछ लोग बाहर निकलने के लिए मौसम साफ होने का इंतजार करते हैं, बिहार में BJP कार्यकर्ता साल भर बिना थके काम करते हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि बांकीपुर की जनता मजबूती से BJP के साथ खड़ी है।
Updated on:
27 Jul 2026 08:59 pm
Published on:
27 Jul 2026 08:59 pm
