27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Surat Crime News: स्पा की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालिका समेत 4 गिरफ्तार

Surat Spa Raid: सूरत के पाल क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की एएचटीयू ने स्पा और सलून की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि चार महिलाओं को मुक्त कराया गया।
2 min read
Google source verification

सूरत

image

Rakesh Mishra

Jul 27, 2026

Surat Spa Raid

एआई तस्वीर

सूरत। क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने पाल क्षेत्र में स्पा और सलून की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सलून संचालिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि चार महिलाओं को मुक्त कराया गया। मामले में कथित एजेंट को वांछित घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

एएचटीयू की टीम ने छापा मारा

क्राइम ब्रांच की एएचटीयू के हेड कांस्टेबल जीतूदान गढ़वी को सूचना मिली थी कि पाल स्थित राज आर्केड की दूसरी मंजिल पर संचालित रूपा फैमिली सलून की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक एमबी शेरगिल के मार्गदर्शन में एएचटीयू की टीम ने मौके पर छापा मारकर कार्रवाई की।

तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया

पुलिस जांच में सामने आया कि सलून संचालिका रूपाली पवन जोगेंद्रनाथ बिस्वाल कथित रूप से एजेंट एजाज खान के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए महिलाओं से देह व्यापार करवा रही थी। पुलिस के अनुसार एजेंट ग्राहकों की व्यवस्था करता था, जबकि सलून संचालिका स्पा और सलून की आड़ में कथित गतिविधियों का संचालन कर रही थी। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया और चार महिलाओं को मुक्त कराया।

एजेंट एजाज खान को वांछित घोषित किया

कार्रवाई में 11,800 रुपए नकद, करीब 32 हजार रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज सहित कुल 43,800 रुपए का सामान जब्त किया गया। मामले में पाल पुलिस थाने के पीएसआइ एचएम राजपूत की शिकायत के आधार पर इमोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार एजेंट एजाज खान को वांछित घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पहले भी हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि सूरत शहर में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटा वराछा इलाके के एक होटल में छापा मारा था। उत्राण थाना पुलिस ने होटल सिटी पैलेस से दो विदेशी युवतियों को मुक्त कराया और होटल संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार होटल में विदेशी युवतियों को बुलाकर ग्राहकों को अनैतिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, नकदी सहित करीब 1.8 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। गौरतलब है कि पुलिस को लंबे समय से होटल में अवैध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।