30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Prashant Kishor on Patna Police: हार के डर से पुलिस के सहारे बीजेपी, ‘वर्दी में नेतागिरी बंद करो’- बांकीपुर में PK का बीजेपी पर बड़ा हमला

Prashant Kishor on Patna Police: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी और बिहार पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हार के डर से पुलिस का सहारा ले रही है और उनके समर्थकों को मतदान से रोका जा रहा है।
2 min read
Google source verification
prashant kishor on voters of bjp in bihar

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर

Prashant Kishor on Patna Police बांकीपुर विधानसभा चुनाव में बीजेपी हार की ओर बढ़ रही है। हार के डर से वह बार-बार पुलिस का सहारा ले रही है। हालांकि, पुलिस भी उसकी मदद नहीं कर पाएगी। मेरा पुलिसकर्मियों से सिर्फ इतना आग्रह है कि आप आम लोगों की सुरक्षा के लिए हैं। उनकी रक्षा करें, उनके साथ मारपीट न करें। पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने ये बातें कही। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव में हार सामने देखकर बीजेपी के लोग मैदान छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक बंटी का बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति चुनाव मैदान छोड़कर भाग गया, वही आज सबसे ज्यादा गुंडागर्दी कर रहा है। प्रशांत किशोर ने बुधवार को अपने लोगों के गायब होने पर पुलिस वालों से भिड़ गए थे। इसपर थानेदार ने प्रशांत किशोर से कहा था कि ज्यादा क्या होगा वर्दी उतार कर छोड़ देंगे।

PK बोले- पुलिस नेतागिरी बंद करे

प्रशांत किशोर गुरुवार सुबह से ही चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। वे लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने उन कार्यकर्ताओं के परिजनों से भी मुलाकात की, जिन्हें पुलिस ने बुधवार (29 जुलाई) को गिरफ्तार किया था। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा, "आप परेशान न हों। मैं पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हूं और लगातार पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हूं।" पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जन सुराज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीत रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर उनके समर्थकों और मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा, "बुधवार को पुलिस ने हमारे कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस किसी को बचा नहीं सकती। मेरा पुलिसकर्मियों से सिर्फ इतना कहना है कि वे आम लोगों की सुरक्षा करें, उनके लिए नई समस्याएं पैदा न करें। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें और जनता को डराने का काम न करें।" प्रशांत किशोर ने आगे कहा, "पुलिस नेतागिरी न करे। अगर राजनीति करनी है तो वर्दी छोड़कर राजनीति में आ जाएं। जब तक वर्दी पहने हुए हैं, तब तक निष्पक्ष होकर अपना कर्तव्य निभाएं।"

'ये पॉलिटिक्स हमें क्यों दिखा रहे हैं?'

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले बुधवार देर रात जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना के जक्कनपुर थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि यदि उनके किसी कार्यकर्ता ने कोई गलत काम किया है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके कार्यकर्ताओं के साथ कोई गलत कार्रवाई हुई तो यह ठीक नहीं होगा। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रशांत किशोर थाना प्रभारी (एसएचओ) से कहते नजर आ रहे हैं, "अगर आपके थाने से दो लोग गायब हो जाएं, तो सवाल आपसे ही पूछा जाएगा।"

इस पर एसएचओ उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने की सलाह देते हैं। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई देती है। वीडियो में थाना प्रभारी प्रशांत किशोर से कहते हैं, "ये पॉलिटिक्स आप हमें क्यों दिखा रहे हैं?" बहस के दौरान थाना प्रभारी यह भी कहते सुनाई देते हैं, "वर्दी उतार देंगे तो हम भी आम आदमी बन जाएंगे। कोई और काम करके अपना गुजारा कर लेंगे।"