
कल्लू यादव
Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार तेज़ हो गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरजेडी कार्यकर्ता बताए जा रहे कल्लू यादव बीच सड़क पर अपनी पार्टी का हरा गमछा उतारकर फेंकते हैं और उसके बाद बीजेपी का भगवा गमछा धारण कर लेते हैं। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव भी मौके पर मौजूद थे।
दरअसल, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने मंत्री, सांसद और विधायकों समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार और बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंप दी है। इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं को भी क्षेत्र में सक्रिय रहने और चुनावी कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा ने बूथ स्तर तक वोट मैनेजमेंट की रणनीति बनाई है, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। वहीं, जातीय समीकरणों को साधने के लिए अलग-अलग नेताओं को विभिन्न सामाजिक वर्गों की जिम्मेदारी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, बिहार सरकार के मंत्री शैलेंद्र कुमार और बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन को भूमिहार वोट बैंक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मंत्री नीतीश मिश्रा और मिथिलेश तिवारी को ब्राह्मण मतदाताओं तक पहुंच बनाने का दायित्व दिया गया है। मंत्री लखेंद्र पासवान को दलित वोटरों, जबकि मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद संजय जायसवाल को वैश्य समाज के मतदाताओं को साधने की जिम्मेदारी मिली है।
इसी तरह, मंत्री रामकृपाल यादव, नवल किशोर यादव और राम सूरत राय को यादव वोट बैंक में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का लक्ष्य बूथ प्रबंधन के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को साधकर बांकीपुर सीट पर अपनी जीत सुनिश्चित करना है।
Updated on:
20 Jul 2026 02:06 pm
Published on:
20 Jul 2026 01:56 pm
