
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Photo-IANS)
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन से पहले एनडीए आक्रामक नजर आ रही है। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा भाजपा का मजबूत गढ़ है और यहां जीत हासिल करना उनके बस की बात नहीं है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "भगवान न करे कि प्रशांत किशोर चुनाव जीतें।" उन्होंने आरोप लगाया कि अगर प्रशांत किशोर विधानसभा पहुंचते हैं तो सरकार की केवल आलोचना करेंगे और "गंदगी फैलाने" का काम करेंगे।
श्रवण कुमार ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है और इस बार भी जनता एनडीए के साथ खड़ी है। प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, "अगर उन्हें लगता है कि मैदान साफ है तो दौड़कर गोल कर लें, लेकिन उनसे गोल होने वाला नहीं है।" उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरा है और केवल ताल ठोकने या बड़े-बड़े दावे करने से चुनाव नहीं जीते जाते।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए कहा, "भगवान न करे कि प्रशांत किशोर चुनाव जीतें।" उन्होंने कहा कि यदि प्रशांत किशोर जैसे लोग विधानसभा पहुंचते हैं तो सरकार की केवल आलोचना करेंगे और "गंदगी फैलाने" का काम करेंगे। गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि अब तक जन सुराज के अधिकांश उम्मीदवारों की जमानत जब्त होती रही है और 3 अगस्त को इस सूची में एक और नाम जुड़ने वाला है, वह नाम प्रशांत किशोर का होगा।
भाजपा द्वारा बांकीपुर उपचुनाव में प्रत्याशी बदलने के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा है, ताकि विपक्ष को किसी तरह का मौका न मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संगठन है। जो कि कार्यकर्ता के भरोसे चुनाव लड़ती और जीतती है।
Updated on:
12 Jul 2026 02:15 pm
Published on:
12 Jul 2026 01:54 pm
