
सांकेतिक इमेज-पत्रिका
Bhagalpur-Jamalpur rail block: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत आने वाले बिहार के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर 8 और 9 मई की रात को ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन नए फुट ओवरब्रिज (FOB) के लिए भारी-भरकम स्टील गर्डर चढ़ाने के काम के लिए ये ब्लॉक लिया जा रहा है। सुरक्षा और तकनीकी कारणों से इस दौरान करीब साढ़े चार घंटे तक इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ब्लॉक 8 और 9 मई की देर रात 21:50 बजे से शुरू होकर अगले दिन तड़के 02:20 बजे तक चलेगा। इस अवधि में परिचालन बाधित होने के कारण ट्रेनों की सूची में बड़ा बदलाव किया गया है। जमालपुर-भागलपुर-जमालपुर डीएमयू (DMU) ट्रेन 8 और 9 मई दोनों दिन पूरी तरह रद्द रहेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि देवघर-जमालपुर पैसेंजर और दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी ब्लॉक शुरू होने से ठीक पहले इस रूट पर चलने वाली आखिरी ट्रेनें होंगी। वहीं, ट्रैफिक ब्लॉक खत्म होने के बाद सुबह के समय सबसे पहले चलने वाली ट्रेनें बालुरघाट-बठिंडा एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-गोड्डा एक्सप्रेस और रांची-गोड्डा एक्सप्रेस होंगी।
सुल्तानगंज स्टेशन पर वर्तमान में दो पुराने फुट ओवरब्रिज हैं, लेकिन विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 12 मीटर चौड़े तीसरे आधुनिक फुट ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया था। 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का मुख्य ढांचा यानी 22 स्टील गर्डर अब चढ़ाए जाने हैं। इसीलिए रेलवे ने साढ़े चार घंटे का ब्लॉक लिया है। रेलवे का लक्ष्य है कि आने वाले श्रावणी मेला से पहले इस पुल को यात्रियों के लिए खोल दिया जाए, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बने और भीड़ प्रबंधन आसान हो सके।
मालदा मंडल के गति शक्ति यूनिट के डिप्टी चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज कुमार ने खुद कार्यस्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। गर्डर लॉन्चिंग के तुरंत बाद सीढ़ी निर्माण और डेक स्लैब बिछाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू होगा।
इस ब्लॉक के कारण भागलपुर, मुंगेर और लखीसराय के हजारों रेल यात्रियों को असुविधा हो सकती है। विशेषकर उन लोगों के लिए जो रात के समय लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे के इंक्वायरी नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने के बाद ही स्टेशन के लिए निकलें।
Published on:
07 May 2026 10:14 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
