15 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बिहार में नई सरकार: बीजेपी नेतृत्व तय, सम्राट चौधरी के नाम पर सस्पेंस, 12 अप्रैल को एनडीए बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

नीतीश कुमार के बाद बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर दिल्ली में बीजेपी नेताओं की बैठक चल रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सभी संभावित नामों पर विचार कर आम सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
2 min read
Google source verification

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Photo- BJP President 'X')

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री दिलीप जायसवाल और श्रेयसी सिंह के साथ-साथ बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र जी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया शामिल हैं।

सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर मंथन चल रहा है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में अगली सरकार बीजेपी के नेतृत्व में बनेगी और जेडीयू सभी घटक दल के रूप में एनडीए के साथ खड़ी है।

सम्राट चौधरी के नाम पर उठे सवाल

इस बैठक में प्रदेश कोर ग्रुप से मुख्यमंत्री का नाम मांगा गया है। इसके बाद इस नामों में से किसी एक पर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। जो नाम कोर ग्रुप में सहमति से तय होगा, उसी आधार पर पार्टी आलाकमान अंतिम फैसला लेगा। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुख्यमंत्री पद की रेस में फिलहाल सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है। अगर कोर ग्रुप की बैठक में बहुत विरोध नहीं हुआ, तो उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत है। लेकिन अगर विरोध हुआ, तो अन्य विकल्पों पर भी चर्चा हो सकती है।

हालांकि, आज प्रदेश बीजेपी कार्यालय में उनके पोस्टर फाड़ दिए गए हैं और राष्ट्रीय जनता दल ने भी सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर चुटकी ली है। इसे देखकर कहा जा रहा है कि भाजपा उनके नाम को लेकर थोड़ी असहज है।

बीजेपी करेगी मुख्यमंत्री का फैसला

सूत्रों के अनुसार, आज (9 अप्रैल) की बैठक का निष्कर्ष शुक्रवार को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा के लिए रखा जाएगा। इसी बैठक में बीजेपी अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला करेगी। इसके बाद 12 अप्रैल को होने वाली एनडीए की बैठक में इस फैसले को अंतिम मुहर लगेगी।

बीजेपी कोटे से बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर पार्टी ने अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है। कहा जा रहा है कि एनडीए के घटक दलों की बैठक के बाद ही नाम सार्वजनिक किया जाएगा।