
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)
Bihar Weather आंधी और बारिश से बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात हुआ। इस दौरान बिजली गिरने की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के 25 जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। हालांकि 2 जून के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान कैमूर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
बेमौसम आंधी और बारिश ने बिहार में भारी तबाही मचाई है। गुरुवार देर रात से शुक्रवार दोपहर तक राज्य के विभिन्न जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात की घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि दीवार गिरने और अन्य हादसों में 2 लोगों ने जान गंवाई। इस खराब मौसम से आम, लीची और अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, बारिश और तेज हवाओं के कारण कई ट्रेनें रास्ते में प्रभावित हुईं, जबकि कई विमानों को डायवर्ट करना पड़ा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आपदा प्रबंधन विभाग और कृषि विभाग को नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है। वहीं, तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए तथा बिजली के पोल और तार गिरने से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।वज्रपात की घटनाओं में सबसे अधिक पांच लोगों की मौत पटना जिले में हुई। इसके अलावा नवादा और गया में तीन-तीन, औरंगाबाद में एक शिक्षक समेत दो तथा सारण में एक किसान सहित दो लोगों की जान गई। वहीं, पूर्वी चंपारण में 12 वर्षीय एक छात्र और खगड़िया व भागलपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत वज्रपात से हुई। उधर, भोजपुर जिले के चौरी गांव में एक झोपड़ी पर ठनका गिरने से आग लग गई, जिससे दंपती समेत एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए।
Updated on:
30 May 2026 07:27 am
Published on:
30 May 2026 06:38 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
