
वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)
Vaibhav Sooryavanshi: बिहार में प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही है। लेकिन जब भी कोई युवा राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमकता है, तो राज्य के सियासी गलियारों में क्रेडिट लेने की होड़ जरूर मच जाती है। इसका ताजा उदाहरण बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले उभरते युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हैं। जनता दल (यूनाइटेड) ने अब क्रिकेट के मैदान पर वैभव सूर्यवंशी की शानदार सफलता को पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विजन और राज्य सरकार की नीतियों का नतीजा बताना शुरू कर दिया है।
जदयू ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने आधिकारी हैंडल से एक वीडियो पोस्ट कर बिहार के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए नीतीश कुमार की तारीफ की है। वीडियो के साथ जदयू ने लिखा, 'माननीय नीतीश कुमार जी की दूरदर्शी खेल नीति ने बिहार के युवाओं को एक नई उड़ान दी है। आधुनिक खेल सुविधाओं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का ही परिणाम है कि आज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी देशभर में बिहार का गौरव बढ़ा रहे हैं।'
जदयू द्वारा जारी वीडियो में वैभव सूर्यवंशी की तारीफ उसे 'बिहार का लाल' और 'धुरंधरों का महाधुरंधर' कहकर की गई है। इसके साथ ही वैभव की सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच को दिया गया है। इस वीडियो के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि यदि राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत न किया गया होता, तो शायद वैभव सूर्यवंशी जैसी प्रतिभाएं कभी सामने ही न आतीं।
जदयू द्वारा जारी इस वीडियो में कहा गया है कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में खेलों के स्तर को ऊपर उठाने का एक बड़ा संकल्प लिया था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यही बिहार एक दिन खेल के मैदान में देश को नए सितारे देगा।
वीडियो में दावा किया गया है कि बिहार में खेल का बुनियादी ढांचा वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। राज्य में नए स्टेडियम बनाए गए हैं, जो एथलीटों को हर जरूरी आधुनिक सुविधा और संसाधन प्रदान करते हैं। वीडियो में यह भी कहा गया है कि अब बिहार के हर गांव के युवाओं में यह विश्वास जागा हा कि संसाधनों की कमी के कारण उनकी प्रतिभा दबकर नहीं रह जाएगी।
Updated on:
29 May 2026 10:47 am
Published on:
29 May 2026 10:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
