
नाव से गंगा नदी पार करता अमेरिकन टुरिस्ट (वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब)
American Tourist In Bihar: जब बात देसी जुगाड़ की हो तो बिहार के लोगों का कोई मुकाबला नहीं है और अक्सर विदेशी भी इसके मुरीद हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ एक अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर के साथ, जिसका बिहार के भागलपुर तक के सफर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर्यटक को भागलपुर जाना था और जब इसने गूगल मैप्स चेक किया तो वहां पहुंचने का समय 4 घंटे दिखा रहा था। ऐसे में इस अमेरिकी सैलानी ने स्थानीय लोगों की मदद से ऐसा शॉर्टकट निकाला कि लोग देखते रह गए।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर यूजर @tonykmontana ने शेयर किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने बहुत ही मजेदार अंदाज में लिखा है, 'गूगल मैप्स ने कहा 4 घंटे। बिहार ने कहा- बैठ जा बेटा।'
वीडियो की शुरुआत में अमेरिकी ट्रैवलर बिहार के खगड़िया जिले के मानसी में खड़ा नजर आता है। वह कैमरे के सामने हंसते हुए कहता है, 'मैं एक अमेरिकन हूं और बिहार में मेरा टाइम बहुत शानदार कट रहा है। लेकिन मैं अभी मानसी में हूं और गूगल मैप्स दिखा रहा है कि यहां से भागलपुर जाने में 4 घंटे लगेंगे। जबकि ये सिर्फ 20 मिनट की दूरी पर है। पर गूगल मैप्स को भारतीयों के देसी जुगाड़ के बारे में नहीं पता है। मैं गारंटी देता हूं कि हम भागलपुर बहुत जल्दी पहुंचने का कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे।'
इसके बाद वीडियो में अमेरिकी सैलानी का ठेठ बिहारी अंदाज देखने को मिलता है। वह भागलपुर पहुंचने के लिए अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल करता है और रास्ते में स्थानीय लोगों से काफी घुलमिल जाता है। सबसे पहले वह एक युवक से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेता है और मुस्कुराते हुए कैमरे पर कहता है, 'बिहारी लोग बहुत प्यारे और मददगार होते हैं, ये आपको कभी भी और कहीं भी लिफ्ट दे देते हैं। बिहार वाकई बेहद खूबसूरत है।'
मोटरसाइकिल पर सवार युवक उस पर्यटक को गंगा नदी के किनारे उतार देता है, जहां इस समय विक्रमशिला पुल पर मरम्मत का काम चल रहा है, यह वही पुल है जिसका एक हिस्सा हाल ही में टूटकर नदी में गिर गया था। नदी के किनारे चल रही हलचल और वहां मौजूद भारी मशीनों को देखते हुए वह कहता है, 'तो, हम उस जगह पहुंच गए हैं जहां पुल बन रहा है। यह तो पूरी तरह अंडर कंस्ट्रक्शन है। मुझे नहीं पता कि हम इसे कैसे पार करेंगे, लेकिन यहां का नजारा सचमुच देखने लायक है।'
इसके बाद पर्यटक स्थानीय लोगों से नदी पार करने का तरीका पूछता है। लोग उसे बताते हैं कि पुल टूट गया है, जिस वजह से परेशानी हो रही है और उसे नाव की तरफ इशारा करते हैं। अंत में वह एक बड़ी नाव पर सवार होकर गंगा नदी पार करता है और गूगल के बताए 4 घंटे के लंबे रास्ते को गचकते हुए महज 20 मिनट के देसी शॉर्टकट से भागलपुर पहुंच जाता है। इस दौरान वो नाव पर लोगों से भी बिहार और बिहारी व्यंजनों के बारे में बात करता है। वीडियो के अंत में पर्यटक कहता है कि पुल नहीं, कोई बात नहीं, बिहारी कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेगा।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और अब तक इसे लाखों लोग देख चुके हैं। वीडियो पर यूजर्स बेहद मजेदार और भावुक कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'यह भाई अकेला ऐसा विदेशी इंसान है जो बिहार में आकर इतने मजे कर रहा है।' वहीं एक दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, 'नाव की सवारी और ये नजारा, भाई ने तो भागलपुर को बैंकॉक वाली फील दे दी।' भागलपुर के ही रहने वाले एक स्थानीय यूजर ने कमेंट किया, 'किसी अमेरिकन को मेरे होमटाउन के लिए इतना एक्साइटेड देखना और यहां के लोगों की तारीफ करते सुनना वाकई दिल छूने वाला है।'
Updated on:
29 May 2026 02:36 pm
Published on:
29 May 2026 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
