
file photo
(पत्रिका ब्यूरो): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के खागड़ागढ़ बम विस्फोट तथा बिहार के बोधगया विस्फोट काण्ड के मुख्य आरोपी और आतंकी संगठन 'जमात-उल-मुजाहिदीन, बांग्लादेश' (जेएमबी) के शीर्ष आतंकी मोहम्मद जहिदुल इस्लाम उर्फ कौसर उर्फ बोमारु मिजान को सोमवार रात बेंगलूरु से सटे रामनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। लम्बे समय से वह नाम और चेहरा बदल कर रामनगर इलाके में रह रहा था। एनआईए ने बेंगलूरु पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान इस्लाम के घर से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। ३४ वर्षीय इस्लाम बोधगया तथा खागड़ागढ़ विस्फोट काण्ड में वांछित था। एनआई को दोनों मामलों में उसकी तलाश थी। बांग्लादेश में भी वह वांछित था। २०१४ में २ अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के खागड़ागढ़ इलाका स्थित एक मकान में बम विस्फोट हुआ था। विस्फोट में दो संदिग्ध आतंकियों की मौत भी हो गई थी। खागड़ागढ़ विस्फोट कांड में एनआईए ने उस पर ५ लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इस्लाम को ७ जुलाई २०१३ में बोध गया मंदिर में विस्फोट कांड का मुख्य आरोपी भी माना जा रहा है।
गिरफ्तार आतंकी से मिला सुराग
गत ३ अगस्त को एनआई ने तुहिन नामक जेएमबी आतंकी को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर छापेमारी कर इस्लाम को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पांच दिनों के लिए ट्रांजिट रिमाण्ड पर पटना भेज दिया। एनआईए के अधिकारी उसे लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस्लाम को कोलकाता लाए जाने की भी संभावना है। केन्द्रीय जांच एजेन्सी खागड़ागढ़ विस्फोट मामले में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। मामले के १५ से अधिक आरोपी गिरफ्तार हैं।
भारत में था जेएमबी प्रमुख
केन्द्रीय एजेन्सी सूत्रों के अनुसार इस्लाम भारत में जेएमबी के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहा था। एनआईए को उससे पूछताछ में जेएमबी के भारत में नेटवर्क, गतिविधियां तथा योजना के बारे में कई महत्वपूर्ण तथ्य मिलने का अनुमान है। उससे पूछताछ शुरू है।
Updated on:
7 Aug 2018, 6:46 PM IST
Published on:
7 Aug 2018, 6:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.