
विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते कांग्रेस विधायक
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन NEET छात्रा केस की गूंज सदन से लेकर सड़क तक सुनाई दे रही है। सोमवार को कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने बिहार विधानसभा परिसर में पोस्टर लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि इस गंभीर मामले को राज्यपाल के अभिभाषण में शामिल किया जाए और सदन के अंदर भी प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कमरुल होदा ने कहा कि NEET छात्रा की मौत ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर सरकार सच में गंभीर है और जांच के आदेश दिए हैं, तो इसे राज्यपाल के अभिभाषण में शामिल किया जाना चाहिए। कांग्रेस विधायक ने कहा, “यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
कांग्रेस विधायक ने तीखा आरोप लगाते हुए कहा, “अब तक रेपिस्ट खुलेआम घूम रहे हैं। कई मामलों में जांच CBI को सौंप दी गई है। CBI को सौंपने का मतलब है कि आरोपियों को बचाया जा रहा है और प्रभावशाली लोगों के नाम छिपाए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा और सरकार से जवाब मांगेगा।
बिहार विधानसभा के बाहर विपक्षी पार्टियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। विपक्षी विधायकों ने साफ कर दिया है कि पटना में NEET छात्र की मौत का मामला इस सत्र में जोर-शोर से उठाया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिल जाती और मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे।
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ और 27 फरवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान विधानमंडल के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के सदस्यों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। 3 फरवरी को वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने साफ कर दिया कि वह पूरे सत्र के दौरान NEET छात्रा के मामले को जोर-शोर से उठाएगा।
Updated on:
02 Feb 2026 11:36 am
Published on:
02 Feb 2026 11:36 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
