पटना। राजधानी के गांधी मैदान में कई दिनों से फन वर्ल्ड सर्कस चल रहा है। श्रम विभाग ने सर्कस में होने वाले धोखे का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग बच्चों को झांसा देकर जुड़वां दिखाने के कारनामे का पर्दाफाश किया है। इसके साथ ही
सर्कस दिखा रहे दो बाल मजदूरों को भी विभाग ने मुक्त कराया है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक महीने से लगातार फन वर्ल्ड में चुन्नू-मुन्नु नाम के दो भाईयों को फर्जी तरीके से एक साथ जोड़ कर दिखाया जा रहा था, जिससे कि दोनों दो सिर और एक धड़ वाला बच्चा दिखते हैं, जबकि हकीकत कुछ और ही है। इन बच्चों के जरिए जुड़वां बनाकर आयोजकों के द्वारा पैसे उगाही की जा रही थी। सर्कस के इस शो का नाम भी चुन्नू-मुन्नू रखा गया था।
दोनों बच्चों को आठवा अजूबा बताकर रोज 12 घंटे तक सर्कस दिखाया जा रहा था। चाईल्ड नामक संस्था को जैसे ही इसकी जानकारी मिली उसने श्रम विभाग को सूचना दे दी। जिसके बाद चाइल्ड लाइन की टीम ने धावा दल तैयार कर फन वर्ल्ड में छापेमारी की। श्रम विभाग ने इसे बाल मजदूरी बताते हुए आयोजकों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
सर्कस के आयोजक ने भी इस अपराध और फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। आयोजक के मुताबिक दोनों भाईयों से अब तक उसे 40 हजार रूपए की आमदनी हुई है।