
जदयू विधायक पप्पू पांडेय के घर पर छापेमारी करती पुलिस। (फोटो: पत्रिका)
गोपालगंज में जमीन विवाद से जुड़े मामले में कोर्ट द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने सोमवार सुबह कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय के पैतृक गांव तुलसिया में छापेमारी शुरू कर दी। इस कार्रवाई में पांच थानों की पुलिस शामिल है। गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। कोर्ट ने इस मामले में जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और करीबी राहुल तिवारी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर सोमवार सुबह पांच थानों की पुलिस ने जदयू विधायक के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। हालांकि, विधायक के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण वे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके। पुलिस टीम ने हथुआ थाना क्षेत्र के तुलसिया गांव स्थित विधायक के पैतृक आवास, हथुआ स्थित उनके निजी घर और पेट्रोल पंप पर एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला और न ही कोई आरोपी पकड़ा जा सका। बताया जा रहा है कि वारंट की जानकारी मिलते ही सभी आरोपी पहले ही फरार हो गए थे।
भूमि माफियाओं को संरक्षण देने और जमीन से जुड़े विवादों में संलिप्तता के गंभीर आरोपों के बाद गोपालगंज पुलिस ने सोमवार सुबह छापेमारी की। इस मामले को अदालत ने भी गंभीरता से लेते हुए विधायक, उनके भाई और एक सीए के खिलाफ वारंट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में गोपालगंज में भूमि माफिया सक्रिय हैं, जो अवैध कब्जों और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
गोपालगंज पुलिस पिछले कई दिनों से भूमि माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान पुलिस को जदयू विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ जमीन के अवैध कारोबार से जुड़े पुख्ता सबूत मिले। इसके आधार पर पुलिस ने विधायक और उनके सहयोगियों की भूमिका संदिग्ध पाई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए अदालत ने वारंट जारी किया। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें जिले के बाहर भी आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। इस घटना के बाद गोपालगंज में सियासी हलचल तेज हो गई है।
Updated on:
13 Apr 2026 11:06 am
Published on:
13 Apr 2026 10:36 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
