
बिहार के गोपालगंज में बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज़ पिता ने कथित तौर पर उसकी टेबल फैन से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस ऑनर किलिंग मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। यह घटना कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, 22 वर्षीय युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे पिता नाराज़ थे।
पुलिस के अनुसार, गौरा गांव निवासी जनार्दन कमकर की 22 वर्षीय पुत्री मोनिका कुमारी का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, जिसको लेकर पिछले कई महीनों से घर में विवाद चल रहा था। मोनिका बी.ए. की छात्रा थी। रविवार की रात इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर जनार्दन कमकर ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने घर में रखे लोहे के टेबल फैन से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पिता जनार्दन कमकर को गिरफ्तार कर लिया। कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के अनुसार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना टेबल फैन भी साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। गौरा गांव की 22 वर्षीय मोनिका कुमारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई।
Updated on:
06 Apr 2026 07:38 pm
Published on:
06 Apr 2026 10:33 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
