
रोते-बिलखते परिजन और मृतक की फाइल फोटो
Bihar News:बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सितनाबाद दक्षिण पंचायत के पठान टोला में एक युवक ने एकतरफा प्यार में मिली नाकामी से हताश होकर अपने पड़ोसी के 8 साल के मासूम बेटे मो. ओबेश की एक धारदार हथियार से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक के घर पहुंचा और उसकी बहनों को धमकाते हुए कहा कि उसने भाई को मार दिया है, अब तो उन्हें निकाह करना ही होगा।
मृतक की मां सकीना खातून ने बताया कि आरोपी मो. शाद हसन (27) पिछले तीन सालों से उनकी सबसे बड़ी बेटी का लगातार पीछा कर रहा था। वह स्कूल जाते समय उसे परेशान करता था और उस पर शादी करने का दबाव डालता था। परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बजाय समुदाय के कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और समझौता करवा दिया। आरोपी से एक बॉन्ड पर दस्तखत करवाए गए और उसके बाद वह कुछ समय के लिए उस इलाके से चला गया। मां का आरोप है कि इसी समझौते ने उस अपराधी का हौसला बढ़ा दिया, जिसका नतीजा यह हुआ कि आज उनके इकलौते बेटे की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को ओबेश अपने घर के बाहर बगीचे में खेल रहा था। इस दौरान जब उसकी मां ने उसे पढ़ाई के लिए अंदर बुलाया, तो उसने सिर्फ पांच मिनट और खेलने की इजाजत मांगी और वादा किया कि उसके बाद वह हाजी साहब के यहां पढ़ने चला जाएगा। लेकिन उन्हीं 5 मिनटों के अंदर शाद हसन उसे बहला-फुसलाकर बगीचे की तरफ ले गया और एक धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी तुरंत वहां से भागा नहीं। बल्कि, खून से सना हुआ हथियार हाथ में लिए वह सीधे ओबेश के घर पहुंच गया। वहां उसने मृतक की बहनों से कहा कि उसने उनके भाई को मार दिया है और अब उनके पास उससे शादी करने के अलावा कोई और चारा नहीं बचा है। इसके बाद हुई कहा-सुनी के दौरान उसने बीच-बचाव करने आई 12 साल की कुदरती परवीन के हाथ पर भी वार किया, जिससे उसके हाथ से खून बहने लगा।
परिवार वालों के अनुसार, ओबेश परिवार का इकलौता बेटा था, जिसका जन्म पांच बहनों के बाद हुआ था। उसके पिता दूसरे राज्य में सिलाई और बुनाई का काम करके परिवार का गुजारा चलाते हैं। परिवार के इस इकलौते चिराग के बुझ जाने से पूरे गांव में मातम छा गया है और लोगों में भारी गुस्सा है।
घटना के बाद आरोपी शाद हसन और उसका पूरा परिवार अपना घर छोड़कर फरार हो गया और कहीं छिप गया। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और डीएसपी (मुख्यालय-02) कमलेश्वर प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे हैं और उन्होंने जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ मुकेश ने बताया कि यह मामला एकतरफा निजी रंजिश के चलते की गई हत्या का लग रहा है। FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की एक टीम इस समय सबूत इकट्ठा कर रही है और मामले की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
DSP कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने पुष्टि की कि इस घटना में 8 साल के एक बच्चे की हत्या की गई है, जिसका गला चाकू से रेत दिया गया था। इस घटना के दौरान 12 साल की एक लड़की को भी चोटें आई हैं। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि जांच अभी चल रही है और आरोपी परिवार अभी भी फरार है।
Updated on:
13 Apr 2026 08:34 am
Published on:
13 Apr 2026 08:29 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
