
यह एक सांकेतिक तस्वीर है (फोटो- AI)
Bihar News: बिहार के भागलपुर में महिला थाना परिसर उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब पारिवारिक विवाद की काउंसिलिंग के लिए पहुंचे पति-पत्नी और उनके परिजन आपस में भिड़ गए। थानेदार और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही गाली-गलौज शुरू हुई और देखते-ही-देखते लात-घूंसे चलने लगे। हालात ऐसे बिगड़े कि समझाने पहुंची महिला सिपाहियों से भी दोनों पक्ष उलझ गए।
जानकारी के मुताबिक, लोदीपुर निवासी एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर मंगलवार को दोनों पक्षों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। महिला का आरोप था कि उसने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था और उसका तीन साल का एक बेटा भी है, लेकिन पति आए दिन नशे में मारपीट करता है और उस पर बेबुनियाद आरोप लगाता है।
काउंसिलिंग के दौरान जब महिला थाना पुलिस को यह जानकारी मिली कि पति-पत्नी ने आपसी सहमति से तलाक के लिए कोर्ट में पहले ही अर्जी दे रखी है, तो पुलिस ने साफ कहा कि मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण थाने स्तर पर कोई कानूनी कार्रवाई संभव नहीं है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को वापस जाने की सलाह दी गई।
पुलिस की यह बात सुनते ही दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई। इसी दौरान महिला के साथ आए एक पुरुष मित्र को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बात पर एक महिला ने युवक को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। कुछ ही मिनटों में महिला थाना परिसर में चीख-पुकार, गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई।
स्थिति को संभालने के लिए जब महिला सिपाहियां आगे बढ़ीं तो दोनों पक्ष उनसे भी उलझ गए। करीब 10 मिनट तक थाना परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हालात इतने बिगड़ गए थे कि किसी को समझाने का मौका ही नहीं मिल रहा था।
हंगामे की सूचना मिलते ही महिला थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर लूसी कुमारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग-अलग किया और काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को चेतावनी देकर थाना परिसर से बाहर भेजा गया।
Updated on:
17 Dec 2025 11:03 am
Published on:
17 Dec 2025 11:03 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
