
पटना के फेमस शिक्षक खान सर (फोटो- वीडियो ग्रैब)
Khan Sir on NEET paper Leak: पेपर लीक के कारण NEET 2026 की परीक्षा रद्द होने के बाद खान सर ने NTA पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो एजेंसी अपनी सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती थी, वह एक बार फिर पूरी तरह फेल हो गई है। खान सर ने साफ शब्दों में कहा कि NTA का मतलब अब 'Never Trustable Agency' बन गया है। यानि एक ऐसी संस्था जिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
अधिकारियों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहीर करते हुए खान सर ने कहा कि समझ नहीं आता कि किस दर्जे के गधों को NEET परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन लोगों से पेपर लीक तक नहीं रुक रहा है। यह किस तरह का प्रशासनिक रवैया है? खान सर ने आगे कहा कि अभी गर्मी का मौसम चल रहा है, ऐसे में इन अधिकारियों को सड़क किनारे ठेला लगाकर नारियल पानी या शिकंजी बेचनी चाहिए क्योंकि पेपर कराना इनके बस की बात नहीं है।
खान सर ने मांग की कि केवल NEET का पेपर ही नहीं, बल्कि अब NTA जैसी अक्षम एजेंसी को भी रद्द कर देना चाहिए क्योंकि इन्हें जरा भी अंदाजा ही नहीं है कि एक परीक्षा के पीछे कितनी मेहनत और सपने जुड़े होते हैं।
खान सर ने पेपर लीक की जांच CBI को सौंपने के फैसले पर भी असंतोष जताया। उन्होंने पूछा कि CBI अपनी जांच कब करेगी और अपनी रिपोर्ट कब सौंपेगी? जब तक ऐसा होगा, तब तक नकल करके डॉक्टर बने लोग अपनी MBBS की डिग्री पूरी कर चुके होंगे। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की एक पीठ द्वारा की जानी चाहिए, और रिपोर्ट सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को सौंपी जानी चाहिए। खान सर का मानना है कि जमीनी हकीकत और अधिकारियों की लापरवाही की हद को जानबूझकर प्रधानमंत्री तक पहुंचने से रोका जा रहा है।
खान सर ने परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं के संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि NTA के अधिकारियों को शायद अंदाजा भी नहीं है कि एक छात्र सेंटर तक पहुंचने के लिए कितनी कुर्बानियां देता है। उन्हें क्या पता कि उन लड़के-लड़कियों पर क्या बीत रही होगी। कई बच्चों के पिताओं ने अपने खेत गिरवी रख दिए हैं ताकि बेटा डॉक्टर बन सके। कई माताओं ने अपने मंगलसूत्र तक गिरवी रख दिए ताकि बेटी की कोचिंग की फीस भरी जा सके। आज जब पेपर लीक होता है और परीक्षा रद्द होती है, तो वो मंगलसूत्र और वो खेत हमेशा के लिए छिन जाने का डर पैदा हो जाता है।
खान सर ने छात्राओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हमारे समाज में लड़कों को तो शायद दोबारा मौका मिल जाए, लेकिन लड़कियों के लिए यह करो या मरो की स्थिति होती है। एक बार पेपर रद्द होने का मतलब है कि कई मेधावी छात्राओं की जबरन शादी कर दी जाएगी। उनके माता-पिता अब दोबारा जोखिम नहीं उठा पाएंगे। NTA के एक फेलियर ने न जाने कितनी डॉक्टर दीदी बनने वाली लड़कियों को जिंदगी भर के लिए चूल्हे-चौके तक सीमित कर दिया है।
पेपर लीक के पीछे की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए, खान सर ने बताया कि माफिया के बड़े सरगना सीधे तौर पर छात्रों के संपर्क में नहीं आते। कुछ भ्रष्ट कोचिंग संस्थानों की ओर इशारा करते हुए, उन्होंने कहा कि वे माफिया और छात्रों के बीच एक माध्यम का काम करते हैं। उन्होंने ऐसे रसूखदार लोगों और उन कोचिंग सेंटरों की गहन जांच की मांग की, जो इनडायरेक्ट रूप से इसमें शामिल हैं। खान सर का मानना है कि बिना किसी अंदरूनी मदद के पेपर टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स तक नहीं पहुंच सकता।
छात्रों का मनोबल गिरने से बचाने के लिए खान सर ने एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि री-एग्जाम की तैयारी के लिए उनकी टीम ऑफलाइन और ऑनलाइन टेस्ट सीरीज चलाएगी, जिसके लिए छात्रों से एक रुपया भी फीस नहीं ली जाएगी। उन्होंने हाथ जोड़कर छात्रों से अपील की कि वे हिम्मत न हारें और डिप्रेशन में आकर कोई गलत कदम न उठाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत बेकार नहीं जाएगी, हम आपके साथ अंतिम रिजल्ट तक खड़े हैं।"
Updated on:
13 May 2026 03:12 pm
Published on:
13 May 2026 03:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
