31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पहले लगा किडनैपिंग हुई, फिर पता चला STF उठा ले गई… CM योगी की मां पर टिप्पणी करने वाला मौलाना बिहार से गिरफ्तार

बिहार के पूर्णिया में इस्लामी वक्ता मौलाना अब्दुल्ला सलीम को सादे कपड़ों में आए कुछ लोगों अपने साथ ले गया। स्थानीय लोगों को लगा कि मौलाना का अपहरण हो गया है। हालांकि, कुछ ही घंटों के भीतर यह पता चल गया कि असल में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 31, 2026

bihar news

मौलाना और सीएम योगी आदित्यनाथ

Bihar News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के पूर्णिया जिले से एक जाने-माने इस्लामिक उपदेशक मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी कासमी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अमौर थाना क्षेत्र के दलमालपुर गांव में की गई, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर ले जाया गया है। इस गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया, शुरुआत में उन्हें लगा कि मौलाना का अपहरण कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर मौलाना का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर एक धार्मिक सभा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां और 'गौ माता' (गाय) के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

लोगों को लगा किडनैप हो गए मौलाना

सोमवार की शाम पूर्णिया के दलमालपुर गांव में अचानक सादे लिबास में कुछ हथियारबंद लोग पहुंचे और मौलाना अब्दुल्ला सलीम को अपनी गाड़ी में बिठा लिया। चूंकि स्थानीय पुलिस को इस कार्रवाई की तत्काल जानकारी नहीं थी, इसलिए ग्रामीणों और परिजनों को लगा कि मौलाना का अपहरण कर लिया गया है। इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में बेचैनी छा गई।

स्थिति तब स्पष्ट हुई जब AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और अमौर के विधायक अख्तरुल ईमान ने पुलिस स्टेशन से संपर्क किया और पुष्टि की कि यह कार्रवाई UP STF की गोरखपुर इकाई द्वारा की गई थी।

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी कासमी की गिरफ्तारी पर टिप्पणी करते हुए AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा, 'मौलाना की गिरफ्तारी से न केवल सीमांचल क्षेत्र में बल्कि पूरे देश में बेचैनी फैल गई है। उनकी गिरफ्तारी ठीक यहीं, मेरे ही विधानसभा क्षेत्र में हुई है। कुछ अज्ञात लोग आए और मौलाना को अपने साथ ले गए, जिससे स्वाभाविक रूप से स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई। जब मैंने पुलिस को फोन किया, तो मुझे पता चला कि STF ने यह गिरफ्तारी की है; इसके बाद, STF से बात करने पर मुझे पुष्टि हुई कि UP STF ने ही यह गिरफ्तारी की है। मेरा मानना ​​है कि मौलाना की कोई गलती नहीं है और उन्हें अदालतों से न्याय मिलेगा।'

क्यों गिरफ्तार हुए मौलाना?

इस विवाद की जड़ एक वीडियो में है जो मार्च 2026 की शुरुआत में वायरल हुआ था। आरोप है कि बिहार में एक धार्मिक सभा के दौरान, उत्तर प्रदेश के गो-हत्या विरोधी कानून का विरोध करते हुए मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ बेहद अपमानजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, उत्तर प्रदेश के कई जिलोंमें तनाव भड़क उठा और हिंदू संगठनों ने मौलाना पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।

UP के 84 पुलिस स्टेशनों में FIR दर्ज

मौलाना के एक ही बयान ने उनके लिए कानूनी मुश्किलों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। लखनऊ, बलरामपुर, बहराइच और कानपुर सहित UP के विभिन्न जिलों में मौलाना के खिलाफ 84 से ज्यादा FIR और 120 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धारा 299, शत्रुता फैलाने की धारा 196 और सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मौलाना ने वेदों का भी किया है अध्ययन

मौलाना अब्दुल्ला सालिम का प्रोफाइल काफी दिलचस्प है। उन्होंने दारूल उलूम देवबंद से शिक्षा ली है और संस्कृत व्याकरण के साथ चारों वेदों का अध्ययन किया है, जिसके कारण उनके नाम के साथ 'चतुर्वेदी' जुड़ा है। वे अपनी तकरीरों में कुरान के साथ गीता-रामायण का भी जिक्र करते रहे हैं। राजनीतिक तौर पर वे पहले AIMIM में थे, लेकिन हाल ही में वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े थे और जोकीहाट से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे।