30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीतीश कुमार के इस्तीफे पर फफक कर रो पड़े मंत्री अशोक चौधरी, कहा- सदन में अब उनकी डांट-फटकार नहीं सुनाई देगी

बिहार विधान परिषद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके सबसे करीबी नेताओं में से एक अशोक चौधरी बेहद भावुक हो गए। वो कैमरों के सामने ही फूट-फूटकर रो पड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा न तो कोई पहले कभी हुआ है और न ही भविष्य में कभी कोई होगा।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 30, 2026

नीतीश कुमार के इस्तीफे पर रो पड़े मंत्री अशोक चौधरी

रो पड़े मंत्री अशोक चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की इस खबर ने उनके करीबियों को झकझोर कर रख दिया है। नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेताओं में से एक कहे जाने वाले मंत्री अशोक चौधरी इतने भावुक हो गए कि मीडिया के सामने खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे पर ही रो पड़े। नीतीश कुमार के साथ अपने दशकों पुराने जुड़ाव को याद करते हुए, उन्होंने उन्हें बिहार के लिए एकमात्र भरोसेमंद विकल्प बताया।

नीतीश कुमार जैसा कोई दूसरा नहीं- अशोक चौधरी

अशोक चौधरी ने रुंधे गले से कहा कि नीतीश कुमार ने विकास की जो लकीर खींची है, उस पर चलना आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा, 'नीतीश जी जैसा सोच वाला कोई दूसरा राजनेता अब नहीं हो सकता। सदन अब उनके बिना सूना होगा। सदन में अब उनकी वो डांट-फटकार नहीं सुनाई देगी। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि हम सबके अभिभावक थे। वो नए मंत्रियों को गाइड करते थे और जब कोई मंत्री कहीं फंस जाता था, तो उसे बेल आउट (बचाव) भी वही करते थे। उनकी हर विभाग पर पकड़ थी।'

कोविड के समय ज्यादा बढ़ गई नजदीकियां

अशोक चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार के साथ उनका रिश्ता कोविड-19 महामारी के दौरान सबसे ज्यादा मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार न केवल एक नेता हैं, बल्कि एक अभिभावक भी हैं जो विरोधियों का भी सम्मान करते हैं। अशोक चौधरी ने कहा, 'जब कभी भी कोई कॉन्ट्रोवर्सी होती, तो नीतीश जी उस पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते थे। उन्होंने हमेशा सम्मान और स्नेह दिया और हर मुश्किल समय में साथ खड़े रहे। वो बस इतना ही बोलते थे की काम पर ध्यान दीजिए।'

नीतीश कुमार को हर कोई पसंद करता है

अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार को जननेता बताते हुए कहा कि उन्हें हर वर्ग और हर धर्म के लोगों का समर्थन मिला। चाहे वह हिन्दू हो या मुस्लिम, चाहे वो सत्तू बेचने वाला हो या अंडा बेचने वाला, हर कोई उन्हें पसंद करता है। नीतीश कुमार कर राज्य सभा जाने के फैसले पर अशोक चौधरी ने कहा कि हो सकता है कि उन्होंने ये निर्णय कुछ अच्छा सोचकर लिया हो क्योंकि नीतीश जी का निर्णय हमेशा उनका अपना होता है। राजनीति में उन्हें कोई इन्फ्लुएंस नहीं कर सकता। नीतीश कुमार अपने फैसले खुद लेते हैं और उनके निर्णय को कोई प्रभावित नहीं कर सकता।

नीतीश कुमार का मार्गदर्शन जारी रहेगा

अशोक चौधरी ने यह भी साफ किया कि भविष्य में भी नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे और सरकार उन्हीं के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी। जब संसद का सत्र चल रहा होगा, तो वे राज्यसभा सांसद के तौर पर दिल्ली में रहेंगे, बाकी समय तो वो पटना में ही बिताएंगे।

तेजस्वी का तंज: कैमरे के सामने हो रहा है अभिनय

इधर, राजद नेता तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी के आंसुओं पर तीखा प्रहार किया है। तेजस्वी ने कहा कि यह सब सिर्फ कैमरे के सामने का अभिनय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'ये लोग सिर्फ कैमरों के लिए नौटंकी कर रहे हैं, बिहार के सामने मौजूद असली मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। हमने तो पहले ही कह दिया था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। इन लोगों ने बिहार की जनता के साथ धोखा किया है।'

जब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भविष्य के बारे में पूछा गया, तो तेजस्वी यादव ने नपे-तुले शब्दों में जवाब दिया, 'मैं उस खास मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। लेकिन, अगर कोई भी युवा राजनीति में आने का फैसला करता है, तो हम उसका स्वागत और समर्थन करते हैं।'