
crime news
मुजफ्फरपुर में सत्तापक्ष के एक विधायक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक अपने समर्थकों के साथ कथित तौर पर दबंगई करते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। सूत्रों के अनुसार, जिस युवक के साथ मारपीट हुई, पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर लिया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
यह पूरा विवाद बिहार के मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र के बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह से जुड़ा है। आरोप है कि विधायक अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से नाराज हो गए। इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचे और उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले में पीड़ित युवक मुकुंद कुमार की पत्नी पिंकी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुकुंद कुमार अपने सर्विस सेंटर पर मौजूद था, तभी विधायक करीब 50-60 समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इधर, बीजेपी विधायक की ओर से भी मुकुंद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। अपने आवेदन में विधायक ने आरोप लगाया है कि मुकुंद और एक अन्य युवक दिव्या प्रकाश पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे थे। विधायक का कहना है कि जब वे इस मामले की जानकारी लेने उनके घर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं, मुकुंद कुमार का कहना है कि वह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शहर की समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर लिखता है। उसके अनुसार, इसी बात से विधायक और उनके समर्थक नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
मुकुंद कुमार की गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, जालसाजी और उत्पाद अधिनियम समेत कुल सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Updated on:
11 May 2026 08:50 am
Published on:
10 May 2026 11:01 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
