
गिरफ्तार आरोपियों के साथ नवादा पुलिस (फोटो- पत्रिका)
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के राजेंद्र नगर इलाके में दो महीने पहले एक बुजुर्ग महिला की हत्या का रहस्य आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जो बहू अपनी सास की मौत पर रो रही थी और मातम मना रही थी, वही हत्या की मुख्य साजिशकर्ता निकली। पुलिस ने बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
22 नवंबर 2025 की शाम राजेंद्र नगर निवासी 65 वर्षीय सावित्री देवी उर्फ श्याम अपने घर में थीं। तभी तीन अज्ञात लोग उनके घर में घुसे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सावित्री देवी बुरी तरह घायल हुईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी बेटी पर भी हमला किया गया, लेकिन वह बच गईं। अगले दिन मृतका के बेटे बबलू पासवान ने नगर थाना में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की।
जांच टीम ने लगातार तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल डेटा और मानवीय इनपुट का इस्तेमाल किया। इसी प्रक्रिया में पुलिस की नजर लकी राज कुमार नाम के युवक पर गई, जिसे पहले ही हिरासत में लिया गया था। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो मामला पूरी तरह से पलट गया। लकी राज ने कबूल किया कि यह हमला किसी बाहरी अपराधी गिरोह का नहीं था, बल्कि परिवार के अंदर की रंजिश से जुड़ा था। उसने बताया कि हत्या के पीछे उसकी मौसी यानी मृतका की बहू सोनी कुमारी उर्फ निक्की कुमारी का हाथ है।
जब पुलिस ने सोनी कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरा अपराध कबूल कर लिया। उसके अनुसार, उसकी सास सावित्री देवी घर और जमीन बेचकर पैसा खुद रखना चाहती थी। सावित्री देवी का बेटा यानी सोनी का पति हर महीने अपनी सैलरी का आधा हिस्सा अपनी मां को देता था और इसी वजह से बहू और सास के बीच प्रॉपर्टी और खर्चों को लेकर लगातार झगड़े होते रहते थे। इन सब से परेशान होकर सोनी ने अपनी सास को खत्म करने का फैसला किया।
सोनी कुमारी ने हत्या करवाने के लिए अपनी बहन के बेटे लकी राज कुमार को 50,000 रुपये दिए। लकी राज ने इस पैसे का कुछ हिस्सा अपने दो दोस्तों नीरज कुमार और सनी कुमार को दिया। 22 नवंबर को तीनों नवादा आए और शाम को घर में घुसकर पीड़ित पर हमला किया और उसे मार डाला। जुर्म करने के बाद वे तुरंत गया भाग गए।
हत्या के बाद, बहू सोनी कुमारी दुखी होने का नाटक कर रही थी, लोगों के सामने रो रही थी और परिवार के मातम में शामिल हो रही थी। हालांकि, पुलिस जांच में उसके 'दुख' और 'आंसुओं' की सच्चाई सामने आ गई। जांच में यह भी पता चला कि बहू ने हत्या के बाद खुद को जुर्म से दूर रखने और शक से बचने के लिए कई नाटक किए थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चार लोगों में मुख्य साजिशकर्ता सोनी कुमारी उर्फ निक्की कुमारी, हत्यारा लकी राज कुमार उर्फ बबलू, दो हमलावर नीरज कुमार और सनी कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से चार एंड्रॉयड फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें उनकी बातचीत और लोकेशन से जुड़े कई सुराग मिले हैं।
नवादा पुलिस का कहना है कि हत्या पहले से सोची-समझी और एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। पुलिस अब इस मामले की चार्जशीट तैयार कर रही है। जांच में मोबाइल डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल रिकॉर्ड और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन सभी को शामिल किया गया है।
Published on:
18 Jan 2026 07:17 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
पटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
