19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीजेपी ने तेजस्वी यादव से क्यों कहा अपने लोगों को मर्यादा में रखें, बिहार में चल रहा है ऑपरेशन लंगड़ा

बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले को रोकने और विवाद की घटना के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। हम पार्टी के मंत्री संतोष सुमन और बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए अपने-अपने बयानों में समर्थकों को मर्यादा में रहने और कानून के राज की बात कही है।

2 min read
Google source verification
तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव। (Photo-ANI)

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की समधन और हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) की बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर रविवार को हुए हमले के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। बीजेपी ने इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में इस समय “ऑपरेशन लंगड़ा” चल रहा है। आप अपने लोगों को मर्यादा में रहने को कह दें। वहीं, हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भी तेजस्वी यादव को सलाह देते हुए कहा कि अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें। उन्होंने कहा कि बिहार बदल चुका है और अब दलित समाज अपने सम्मान की रक्षा करने में सक्षम है और डरने वाला नहीं है।

बाराचट्टी विधायक के काफिले को रोका

रविवार को हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले को स्थानीय लोगों ने रोककर हंगामा किया था। इस दौरान धक्का-मुक्की की भी स्थिति बनी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधायक के सुरक्षा कर्मियों और विरोध कर रहे लोगों के बीच झड़प हुई। हालांकि पुलिस के अनुसार यह विवाद सड़क पर वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ था। विधायक ज्योति देवी बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव में आदर्शी समाज द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक गाड़ी के कारण उनका काफिला रुक गया। वाहन हटाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। इस मामले में विधायक ज्योति देवी की ओर से हंगामा कर रहे करीब 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें

हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर आरजेडी विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि तेजस्वी यादव अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें। उन्होंने कहा कि बिहार बदल चुका है और अब दलित समाज डरने वाला नहीं है, बल्कि अपने सम्मान की रक्षा करना जानता है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि जीतन राम मांझी के किसी समर्थक को डराने-धमकाने की कोशिश की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में किसी एक विशेष जाति की दबंगई का दौर समाप्त हो चुका है और अब सभी समाज बराबरी, सम्मान और अधिकार के साथ जीना चाहते हैं।

बिहार में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस मामले पर कहा कि तेजस्वी यादव को यह समझ लेना चाहिए कि “जंगलराज” का दौर अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले जाति विशेष, दलित और महादलित समाज पर अत्याचार होता था, लेकिन अब बिहार में कानून का राज है और “ऑपरेशन लंगड़ा” चल रहा है।

उन्होंने तेजस्वी यादव से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं को शांत और मर्यादित व्यवहार करने की सलाह दें, अन्यथा पुलिस कार्रवाई होने पर बाद में आपत्ति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं के माध्यम से क्या संदेश देने की कोशिश की जा रही है, जबकि अब वे सत्ता में नहीं हैं।