19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना में CMS सिक्योरिटी वैन लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

पटना में 27 लाख कैश वैन लूट मामले में पुलिस ने लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ की कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य आरोपी नीतीश कुमार पुलिस फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और पूछताछ के आधार पर छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की गई।

2 min read
Google source verification
सीवान में एनकाउंटर

पटना एनकाउंटर

पटना पुलिस ने मंगलवार सुबह लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ की कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार गोली लगने से घायल हो गया। पटना एसएसपी ने बताया कि लूट की घटना के बाद सिटी एसपी (ईस्ट) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने सूरज पांडेय, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नीतीश कुमार को घेरने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में नीतीश कुमार घायल हो गया।

पुलिस ने नकदी और हथियार बरामद किए

पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने CMS कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उनसे मिले इनपुट के आधार पर जब पुलिस टीम मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से लूट के 5 लाख रुपये नकद, लूट की रकम से खरीदे गए 4 iPhone, घटना में प्रयुक्त बाइक, CMS की पर्ची, वारदात के समय पहने गए कपड़े और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद किए हैं।

शिक्षक पर फायरिंग का आरोपी मुठभेड़ में घायल

इससे पहले सोमवार की सुबह सीवान और पटना में एनकाउंटर में दो अपराधी जख्मी हो गए थे। पटना पुलिस ने सोमवार की सुबह शिक्षक को गोली मारने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में जख्मी कर दिया था। घायल अपराधी की पहचान संदीप उर्फ बादल के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में वह जख्मी हो गया।

मोबाइल स्नेचिंग में शिक्षक घायल

दरअसल, अगमकुआं थाना क्षेत्र के भागवत नगर चौक के पास मोबाइल स्नेचिंग के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर अपराधियों की पहचान की।

हथियार और बाइक बरामद

इसके बाद एक आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन को लगी। इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी संदीप उर्फ बादल घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है।