
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)
पटना में 14 मई की ब्लैकआउट वाली रात व्यवसायी पिंटू कुमार की गोली मारकर हत्या मामले में पटना पुलिस ने रविवार शाम बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की पूरी साजिश जेल में बंद अपराधी बिका उर्फ विकास ने रची थी। मामले में 16 साल के एक नाबालिग शूटर को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि पिंटू कुमार की हत्या के लिए विकास ने नाबालिग को 10 हजार रुपये की सुपारी दी थी। वारदात उस समय अंजाम दी गई, जब पूरे इलाके में ब्लैकआउट था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नाबालिग PMCH के एक फोर्थ ग्रेड कर्मचारी का बेटा है और उसका सीधा संपर्क जेल में बंद बिका उर्फ विकास से था।
एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि पिंटू कुमार की हत्या के लिए नाबालिग पिछले 15 दिनों से उसकी रेकी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी सिलसिले में वह पटना के बेऊर जेल में बंद विकास से मिलने भी गया था। वहीं पर विकास ने नाबालिग के साथ मिलकर पिंटू की हत्या की साजिश रची थी। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि विकास, व्यवसायी पिंटू से शराब कारोबार को लेकर नाराज था। विकास के जेल जाने के बाद पिंटू ने संजय गोप के साथ मिलकर शराब का कारोबार शुरू कर दिया था, जिससे विकास को आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी वजह से वह पिंटू से नाराज था और उसने उसकी हत्या की सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन यानी 14 मई को आरोपी पहले से हथियार लेकर तैयार था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने पिस्टल में साइलेंसर लगा रखा था। जैसे ही इलाके में ब्लैकआउट हुआ, आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर पिंटू को गोली मार दी। ब्लैकआउट की वजह से लोगों को तुरंत घटना की भनक नहीं लगी और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों को यह तक पता नहीं चल पाया कि गोली किसने चलाई। वहीं, बिजली नहीं रहने के कारण इलाके के सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे, जिसकी वजह से वारदात की रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। मुख्य आरोपी बिका उर्फ विकास पहले से सोनू हत्याकांड में जेल में बंद है। वहीं, हत्या को अंजाम देने वाले नाबालिग शूटर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस जांच में शिवम नाम के तीसरे आरोपी का भी नाम सामने आया है। आरोप है कि उसी ने नाबालिग को हथियार उपलब्ध कराया और हत्या के लिए 10 हजार रुपये दिए थे। वारदात के बाद से शिवम फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Updated on:
17 May 2026 09:53 pm
Published on:
17 May 2026 09:28 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
