
प्रशांत किशोर (फोटो- सोशल मीडिया जन सुराज पार्टी)
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है, आरोप-प्रत्यारोप की रफ्तार चरम पर है और हर दल अपनी रणनीति को जनता तक पहुंचाने की कोशिश में लगा है। इसी बीच, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बार-बार उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे पर जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने एक सख्त लेकिन साफ संदेश दिया है। प्रशांत किशोर ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को साफ नसीहत देते हुए कहा कि बिहार में कभी भी वोट चोरी चुनाव का मुख्य मुद्दा नहीं रहा है और न ही जनता इसे मुद्दा मानती है।
प्रशांत किशोर ने कहा, " सबको पता है कि बिहार में वोट चोरी का मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा से लड़ रहे हैं, लड़ें। लेकिन बिहार के लोगों को उससे कोई मतलब नहीं है। वहां जो कर रहे हैं करें, राहुल गांधी समझें, चुनाव आयोग समझें, नरेंद्र मोदी समझें, बिहार के लोगों को उससे कोई मतलब नहीं है। बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। बिहार की जनता जानना चाहती है कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोजगार कब मिलेगा और राज्य की दुर्दशा कब सुधरेगी। इसका वोट चोरी से क्या लेना-देना?"
PK ने आगे कहा, "अगर दिल्ली या किसी अन्य राज्य में वोट चोरी है तो ये वहां का मुद्दा है। वहां चुनाव आयोग को घेरिए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। इसके लिए बिहार चुनाव को क्यों हाईजैक कर रहे हैं?" उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिहार के गांव-गांव में लोग यह कह रहे हैं कि उनका वोट काट लिया गया या चोरी हो गया? बिहार में आपको एक भी ऐसा इंसान नहीं मिलेगा जो कहे कि उसका वोट चोरी हुआ है। यह कभी मुद्दा था ही नहीं।
उधर, राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से मंचों पर बार-बार वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार को बजी बिहार के बांका में रैली में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने का गंभीर षड्यंत्र चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया, "बीजेपी के कई नेताओं ने बिहार में वोट दिया है और उन्हीं नेताओं ने दिल्ली चुनाव में भी वोट डाला था। यानी कुछ लोगों को दो वोट मिल रहे हैं और जो कांग्रेस को वोट देते हैं उनके नाम काट दिए जाते हैं।"
Updated on:
08 Nov 2025 10:52 am
Published on:
08 Nov 2025 10:52 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
