
Amrit Bharat Express. Patrika file photo
Pune-Danapur Amrit Bharat Express रेल मंत्रालय की ओर से बुधवार को पुणे और दानापुर के बीच एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की जा रही है। 17 जून को हडपसर रेलवे स्टेशन से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई ट्रेन के परिचालन से कम और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही, इस ट्रेन के संचालन से महाराष्ट्र और बिहार के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। यह महाराष्ट्र की आठवीं और पुणे डिवीजन की दूसरी अमृत भारत ट्रेन होगी। इसका रखरखाव और संचालन सेंट्रल रेलवे (CR) ज़ोन द्वारा किया जाएगा।
पुणे से दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 11431 के रूप में संचालित होगी, जबकि दानापुर से पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 11432 के रूप में चलेगी। पुणे-दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस खंडवा होते हुए संचालित होगी। पुणे और दानापुर के बीच अपनी यात्रा के दौरान ट्रेन नंबर 11431/11432 कुल 19 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा शामिल हैं।
पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक सेवा के रूप में संचालित होगी। इस ट्रेन में 18 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, जनरल सेकंड क्लास और अन्य कोच शामिल हैं। पुणे और दानापुर के बीच संचालन के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस का एक ही रैक लगाया जाएगा। ट्रेन नंबर 11431 पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार को दोपहर 3:30 बजे पुणे से रवाना होगी और सोमवार को रात 1:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन नंबर 11432 हर सोमवार को सुबह 3:30 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे पुणे पहुंचेगी।
Updated on:
16 Jun 2026 09:56 pm
Published on:
16 Jun 2026 09:56 pm
