
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)
Khan Sir vs Roshan Anand: खान सर और रौशन आनंद के बीच का विवाद अब आर-पार की लड़ाई का रूप लेता नजर आ रहा है। दोनों पक्षों ने हर परिस्थिति से निपटने के लिए अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस विवाद को लेकर पटना का कोचिंग हब माने जाने वाला मुसल्लहपुर हाट पूरी तरह चर्चा और तनाव के केंद्र में आ गया है।
हालांकि, एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है, लेकिन विवाद का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मुसल्लहपुर हाट के कई कोचिंग संस्थानों के अलग-अलग पक्षों के समर्थन में आने से यह मामला अब केवल दो व्यक्तियों के बीच का विवाद नहीं रह गया है, बल्कि खान सर और रौशन आनंद समर्थक गुटों के बीच टकराव का रूप लेता दिख रहा है। चर्चा है कि बड़ी संख्या में छात्र भी अपने-अपने शिक्षक के समर्थन में लामबंद हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। तो कई इस विवाद के बाद पटना छोड़कर जा रहे हैं।
2 जून को फैजल खान उर्फ खान के कोचिंग संस्थान में कथित मारपीट और गोलीबारी की शिकायत के बाद रौशन आनंद की गिरफ्तारी ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। इस मामले में पटना पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कई कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
नाम नहीं बताने की शर्त पर एक कोचिंग संचालक ने कहा, "अगर कोई हम पर हमला करेगा, तो हम भी चुप नहीं बैठेंगे।" जब उनसे पूछा गया कि ऐसी स्थिति में पुलिस में शिकायत क्यों नहीं करते, तो उनका कहना था कि इससे कोई फायदा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रौशन आनंद की शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जबकि पटना पुलिस ने फैजल खान को कथित रूप से फरार होने का पर्याप्त मौका दिया।
एक अन्य कोचिंग संचालक ने दावा किया कि उनका फोन ट्रैक किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "डर तो लगता है, लेकिन कब तक डरकर जिएंगे। इसलिए हमने अपनी सुरक्षा के लिए अपने स्तर पर भी इंतजाम किए हैं।" हालात ऐसे हैं कि पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। कई कोचिंग संचालक कैमरे पर आकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं और खुलकर अपनी बात रखने में हिचकिचा रहे हैं।
इधर, फैजल खान और रौशन आनंद से जुड़े कोचिंग विवाद पर मंगलवार को छपरा में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोचिंग संस्थान शिक्षा के मंदिर हैं, जहां पढ़ाई होनी चाहिए, न कि लड़ाई-झगड़ा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी तरह विवाद और मारपीट की घटनाएं जारी रहीं, तो सरकार जरूरत पड़ने पर कोचिंग संस्थानों को बंद करने जैसे कड़े कदम उठाने पर भी विचार कर सकती है।
मुसल्लहपुर हाट के कई कोचिंग संचालकों को फैजल खान के नाम पर कथित रूप से आ रहे धमकी भरे फोन कॉल्स के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल है। कई कोचिंग संचालकों ने इस संबंध में कदमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि कुछ लोग अब भी खुलकर सामने आने से बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये फोन कॉल कौन कर रहा है, इसकी अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। हालांकि, इन कॉल्स के कारण क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल जरूर बन गया है।
कोचिंग संचालकों का कहना है कि इस पूरे मुद्दे पर फैजल खान को स्वयं सोशल मीडिया या किसी सार्वजनिक मंच के माध्यम से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि भ्रम और आशंकाओं को दूर किया जा सके।
Updated on:
16 Jun 2026 09:44 pm
Published on:
16 Jun 2026 08:18 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
