
कोल्ड ड्रिंक बता शिक्षक ने पिलाया पेशाब
Purnia School Controversy: बिहार के पूर्णिया जिले के चंपानगर थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल, कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया के हेडमास्टर पर कक्षा एक की 7 साल की छात्रा को कोल्ड ड्रिंक कहकर पेशाब पिलाने का आरोप लगा है। इस बात की भनक जैसे ही आसपास के इलाके में फैली, ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। स्कूल में भारी बवाल और हंगामे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या-69/2026) के अनुसार, सिंधिया पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित बजरंग बली टोला की रहने वाली 7 वर्षीय मासूम हर रोज की तरह सुबह स्कूल पढ़ने गई थी। लगभग सुबह साढ़े नौ बजे बच्ची अचानक रोते और चिल्लाते हुए दौड़कर अपने घर पहुंची। बच्ची की हालत देखकर जब उसकी मां ने रोने का कारण पूछा, तो बच्ची ने रोते हुए बताया कि स्कूल के हेडमास्टर साहब ने उसे अपने पास बुलाया और एक बोतल दिखाते हुए कहा कि यह ठंडा (कोल्ड ड्रिंक) है, पीकर देखो। मासूम बच्ची गुरु जी की बात पर भरोसा कर गई, जिसके बाद प्रधानाध्यापक ने उसे बोतल के ढक्कन में डालकर पेशाब पिला दिया।
बेटी की बात सुनते ही मां अपने देवर और अन्य परिजनों के साथ तुरंत कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया पहुंचीं। जब उन्होंने इस संबंध में प्रधानाध्यापक से बात करनी चाही तो आरोपी हेडमास्टर उल्टा भड़क गया और परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें स्कूल परिसर से भगाने लगा। इसी बीच डरी-सहमी बच्ची ने ऑफिस में रखी वह बोतल दिखा दी, जिससे उसे लिक्विड पिलाया गया था। परिजनों ने जब उस बोतल को उठाकर सूंघा, तो उसमें से तेज पेशाब की दुर्गंध आ रही थी। सच सामने आते ही परिजनों का सब्र टूट गया और उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन को फोन कर मामले की जानकारी दी।
इधर, जैसे-जैसे यह खबर गांव के अन्य लोगों तक पहुंची, स्कूल परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। शिक्षक की इस करतूत पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और वे आरोपी की पिटाई करने लगे। स्कूल में भारी हंगामा और तनाव की स्थिति पैदा हो गई। चंपानगर थाना पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उनकी शिकायतें सुनीं। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित निकाला और तुरंत हिरासत में लेकर थाने आ गई।
चंपानगर थाना पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां के बयान के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय को गिरफ्तार कर लिया, जो कि श्रीनगर थाना क्षेत्र के खुट्टी धुनैली गांव का रहने वाला है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने मौके से उस विवादित बोतल को भी सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है।
दूसरी तरफ, जेल जाने से पहले आरोपी प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार बताया है। उसने सफाई देते हुए कहा कि उसे किसी रंजिश के तहत फंसाया जा रहा है। शिक्षक का दावा है कि उसने ब्लैकबोर्ड साफ करने के लिए एक बोतल में पानी रखवाया था, जो दो-तीन दिन पुराना होने के कारण गंदा और मटमैला हो गया था। क्लास के दौरान जब बच्ची ने पानी पीने के लिए बाहर जाने की अनुमति मांगी, तो उसने सिर्फ इतना कहा था कि बोतल में पानी रखा है, वही पी लो।
इस पूरे मामले पर चंपानगर थाना प्रभारी अनुपम राज ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने स्कूल से उस बोतल को जब्त कर लिया है जिसमें कथित तौर पर पेशाब होने का दावा किया जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार, जब्त किए गए कथित पेशाब को फॉरेंसिक लैब में रासायनिक जांच के लिए भेजा जाएगा। लैब की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
19 May 2026 07:53 pm
Published on:
19 May 2026 07:29 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
