15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्य सभा चुनाव 2026: पांचवीं सीट की जंग दिलचस्प, एनडीए और महागठबंधन की आज अहम बैठक

उपेन्द्र कुशवाहा के आवास पर शनिवार को हुई बैठक में सभी सहयोगी दलों ने अपने-अपने विधायकों को पटना नहीं छोड़ने का निर्देश दिया।

2 min read
Google source verification

पांचवीं सीट की जंग दिलचस्प। फोटो-AI Generated

राज्य सभा चुनाव की पांचवीं सीट को लेकर एनडीए में बैठकों का दौर जारी है। शनिवार को जीत की रणनीति बनाने के लिए रालोमो प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायकों की बैठक हुई। वहीं आज (रविवार) संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर एनडीए विधायकों की एक और बैठक होने वाली है।

इधर, सोमवार को राज्यसभा की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आरजेडी एक सीट पर चुनाव लड़ रही है और उसे जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज (रविवार) राबड़ी आवास पर महागठबंधन के सभी विधायकों के साथ बैठक करेंगे।

महागठबंधन विधायक दल की इस बैठक में आरजेडी के अलावा कांग्रेस, भाकपा (माले), भाकपा और माकपा समेत वाम दलों के सभी विधायक भी शामिल होंगे।

विधायकों को पटना नहीं छोड़ने का निर्देश

शनिवार को उपेन्द्र कुशवाहा के आवास पर हुई बैठक में सभी सहयोगी दलों ने अपने-अपने विधायकों को पटना नहीं छोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने और पूरी एकजुटता प्रदर्शित करने को कहा गया।

इस बैठक में जदयू, भाजपा, लोजपा (रामविलास), रालोमो और हम के विधायक शामिल हुए। इससे पहले दो दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर भी विधायकों की बैठक हुई थी। वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर भी एनडीए के विधायक जुट चुके हैं।

बीजेपी कोर कमेटी की बैठक

शनिवार को ही राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक राज्य अतिथिशाला में हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा शामिल हुए। बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया।

संजय झा से मिले सम्राट चौधरी

भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर लंबी बातचीत हुई।

इस बैठक को लेकर संजय कुमार झा ने मीडिया से कहा कि एनडीए राज्यसभा की सभी पांच सीटें जीतने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के कई विधायक भी उनके संपर्क में हैं और उनका समर्थन एनडीए को मिलेगा।

दरअसल, राज्यसभा चुनाव में एनडीए की ओर से पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें जदयू की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, जबकि भाजपा की ओर से नितिन नवीन और शिवेश राम उम्मीदवार हैं। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की ओर से पार्टी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है।

चिराग के विधायकों से मिले बीजेपी नेता

उपेन्द्र कुशवाहा के आवास पर होने वाली एनडीए की बैठक से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता चिराग पासवान के विधायकों से मिलने लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। वहां भाजपा नेताओं ने विधायकों से एकजुट रहने और एनडीए के समर्थन में मतदान करने की अपील की।

बैठक के बाद बिहार में राज्यसभा चुनाव के केंद्रीय पर्यवेक्षक सह छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी दलों के सहयोग से उनके सभी उम्मीदवार जीतकर आएंगे।

इस मुलाकात के बाद लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने भी दावा किया कि एनडीए जीत की रणनीति पर काम कर रहा है और उसके सभी पांचों उम्मीदवार चुनाव जीतकर आएंगे।