15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्य सभा चुनाव : बिहार की 5वीं सीट पर कड़ी टक्कर, NDA को क्रॉस वोटिंग से उम्मीद, RJD की नज़र AIMIM और BSP के समर्थन पर

आईएमआईएम की ओर से पटना में आयोजित दावत-ए-इफ्तार पर सबकी नजर है। आईएमआईएम नेता अख्तरूल ईमान ने खुद इसमें आने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को निमंत्रण दिया है। 

2 min read
Google source verification
CG Politics: भाजपा-कांग्रेस आज घोषित कर सकती हैं राज्यसभा उम्मीदवार, इस दिन होगा नामांकन

बिहार में राज्य सभा चुनाव से पहले क्रॉस-वोटिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राज्य सभा की पाँच सीटों के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन ने चुनाव (16 मार्च) से एक दिन पहले अपनी गोलबंदी तेज कर दी है। इंडिया गठबंधन के विधायकों की बैठक राबड़ी आवास पर शुरू हो गई है, जबकि शाम में एनडीए घटक दलों की बैठक होने वाली है।

इफ्तार पार्टी से तय होगा AIMIM का वोट

आज (रविवार) शाम एआईएमआईएम नेता अख्तरूल ईमान की ओर से पटना में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए उन्होंने खुद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को निमंत्रण दिया है। इसे लेकर सबकी नजर इस इफ्तार पार्टी पर टिकी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, इस इफ्तार पार्टी के बाद यह साफ हो सकता है कि एआईएमआईएम कल (सोमवार, 16 मार्च) राज्यसभा चुनाव में किसके पक्ष में वोटिंग करेगी। अगर एआईएमआईएम का समर्थन महागठबंधन को मिल जाता है तो आरजेडी प्रत्याशी को जीत के लिए मात्र एक वोट की जरूरत रह जाएगी, जो बसपा विधायक के समर्थन से पूरी हो सकती है। हालांकि अभी तक बसपा विधायक की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वे किसे समर्थन देंगे।

12 साल बाद होगा चुनाव

हालांकि, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद संजय कुमार झा ने दावा किया है कि एनडीए राज्य सभा की सभी पांच सीटें जीतेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सभा चुनाव को लेकर चर्चा के लिए रविवार को पटना में विजय कुमार चौधरी के आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक होगी।

राज्य सभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और वोटों की गिनती के बाद उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। करीब 12 साल बाद बिहार में राज्य सभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इससे पहले जून 2014 के उपचुनाव में मतदान हुआ था। उस समय नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू ने दो सीटें जीती थीं, जिनमें पवन वर्मा और गुलाम रसूल बलियावी निर्वाचित हुए थे, जबकि जदयू के तत्कालीन अध्यक्ष शरद यादव तीसरी सीट पर निर्विरोध चुने गए थे।

9 अप्रैल को समाप्त होगा कार्यकाल

बिहार से राज्य सभा के पाँच सदस्यों—हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर, अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम गुप्ता और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा—का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होने वाला है।