
मतदान के दौरान महुआ में भ्रमण करते तेज प्रताप यादव (फ़ोटो- DD News Bihar X)
Bihar Election 2025:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने भी वोट डाला। पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे तेज प्रताप ने वोट डालने के बाद जनता से भी वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव के बाद वह किस राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे।
मतदान करने के बाद राज्य में सत्ता समीकरणों पर बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा, “किसी की भी सरकार बने, जो आम आदमी को रोजगार देगी, बिहार में पलायन रोकेगी, बदलाव लाएगी, हम उसी के साथ रहेंगे। जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है।” तेज प्रताप ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि जो मुद्दे की बात करेगा वो उसी के साथ जाएंगे।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “बिहार की जनता को अपना वोट ज़रूर डालना चाहिए। हर वोट महत्वपूर्ण है। माता-पिता का आशीर्वाद एक जगह होता है, लेकिन जनता का आशीर्वाद सबसे बड़ा होता है।” उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जनता का फैसला ही अंतिम होगा और सत्ता किसके हाथ में जाएगी, इसका निर्धारण भी वही करेगी।
तेज प्रताप ने अपने राजनीतिक लक्ष्य को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “हम इतने लोभी नहीं कि कुर्सी के लिए भागें। लेकिन जैसा कि हमारे पिताजी कहते थे कि अगर हमें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे बनेंगे या नहीं, यह 14 तारीख को तय होगा।” अपने राजनीतिक रुख को साफ करते हुए उन्होंने कहा, “हमारी विचारधारा डॉ. लोहिया और कर्पूरी ठाकुर की है। सामाजिक न्याय, संपूर्ण क्रांति और जनता के हक की बात हम हमेशा करते रहे हैं।”
Updated on:
06 Nov 2025 12:19 pm
Published on:
06 Nov 2025 12:19 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
