
बुजुर्ग पिकअप चालक को महिला ने पीटा
बिहार के बेगूसराय में बीच सड़क पर एक महिला की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एनएच-31 पर बछवारा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास मामूली टक्कर के बाद एक महिला को एक बुजुर्ग पिकअप चालक के साथ मारपीट करते हुए देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला की कार में पुलिस का स्टीकर लगा हुआ है। मामूली सड़क दुर्घटना के बाद महिला कथित तौर पर आपा खो बैठी और उसने चालक के साथ सरेआम बदसलूकी की, गाली-गलौज की और मारपीट भी की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले पर चर्चा तेज हो गई है।
यह घटना 21 मई की दोपहर की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, टोल प्लाजा के पास अचानक पिकअप वाहन के रुकने से पीछे से आ रही एक कार उससे टकरा गई। टक्कर मामूली थी, लेकिन पुलिस स्टीकर लगी कार से उतरी महिला इस पर काफी आक्रोशित हो गई। आरोप है कि महिला ने बुजुर्ग पिकअप चालक के साथ मारपीट की और उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं। इसके बाद उसने चालक का कॉलर पकड़कर उसे सड़क पर इधर-उधर घसीटा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
घटना के दौरान, जब महिला बीच सड़क पर हंगामा कर रही थी, उसी समय पास में बछवारा थाना की गश्ती गाड़ी भी मौजूद थी। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया। महिला काफी देर तक सड़क पर हंगामा करती रही, जिससे एनएच-31 पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लग गया और लोग घटनास्थल पर जमा होकर देखते रहे।
महिला की कार चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी अशोक राय के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है, जो पेशे से डॉक्टर हैं। बताया जा रहा है कि महिला उनकी पत्नी है। घटना के बाद लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस का स्टीकर लगे वाहन के कारण कोई व्यक्ति सड़क पर किसी के साथ मारपीट कर सकता है।
Updated on:
22 May 2026 07:39 pm
Published on:
22 May 2026 07:01 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
