24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला दारोगा ने पति पर निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप, दहेज प्रताड़ना का एफआईआर दर्ज

बिहार पुलिस की महिला दारोगा ने अपने पति पर निजी पलों के वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

बिहार पुलिस की एक महिला दारोगा ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह निजी पलों के वीडियो वायरल करने की धमकी देता है और इसी के जरिए लगातार ब्लैकमेल करता है। पीड़िता ने इस मामले में महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

पति ने जमीन अपने नाम कराई

पीड़ित महिला सब-इंस्पेक्टर उषा कुमारी के अनुसार, उनकी शादी 14 फरवरी 2023 को पटना के सदर कोर्ट में गृह विभाग में एएसओ सुमित कुमार मंडल से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक, पति, सास-ससुर, देवर और ननद समेत कुल 10 लोग दहेज की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उनसे 55 लाख रुपये का लोन लेकर पटना के 70 फीट रोड पर एक कट्ठा जमीन खरीदी, जिसे पति ने अपने नाम कर लिया। जबकि उस लोन की अदायगी अब भी उनसे ही कराई जा रही है।

अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 4 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और मंगलसूत्र से गला दबाकर हत्या की कोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिससे उनकी जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने ही उनकी बहन को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर बहन ससुराल पहुंचीं और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता का यह भी कहना है कि उनके पति ने निजी पलों के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बना रखे हैं, जिनके जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। आरोप है कि उनकी बात नहीं मानने पर इन तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी दी जाती है।

पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वह मूल रूप से मधुबनी की रहने वाली हैं और वर्तमान में पटना के नवीन पुलिस लाइन में पदस्थापित हैं, जबकि उनका निवास गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में है।