
व्यापम ने जारी की नई गाइडलाइन (photo-patrika)
CG Vyapam: सर्दी में स्वेटर पहनकर व्यापमं की परीक्षा देने जा रहे है तो यह आपके के लिए जरूरी खबर है। स्वेटर उतारकर चेकिंग की जाएगी। व्यापमं ने भर्ती परीक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी किए।
छत्तीसगढ़ व्यापम ने आगामी परीक्षाओ के लिए अद्यतन दिशा-निर्देश जारी किए है। जारी दिशा-निर्देश के तहत परीक्षार्थी, परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लें, ताकि उन्हें परीक्षा दिवस को कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व पहुंचे, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। उदाहरण के लिए यदि कोई परीक्षा सुबह 11 बजे से प्रारंभ हो रहा है तो मुख्य द्वार सुबह 10.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसलिए समय का विशेष ध्यान रखें, हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आएं।
काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर बिना पॉकेट की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर के लिए हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा तभी परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी, फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णत: वर्जित है।
मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केन्द्र में आए, परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बाल पाइंट पेन को ही उत्तर अंकित करने के लिए उपयोग में लाए, चयन, प्रवेश के समय प्रवेश पत्र मांगा जाता है। इसे सुरक्षित रखें। व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। निर्देशों का पालन ना करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जाएगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी।
Updated on:
20 Nov 2025 10:34 am
Published on:
20 Nov 2025 10:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
