
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
कच्चे तेल में गिरावट से भारतीय शेयर बाजार बुधवार को लगातार पांचवें सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 383.55 अंक या 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,301.40 और निफ्टी 149.75 अंक या 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,960.60 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में व्यापक स्तर पर खरीदारी देखी गई। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप भी बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 909.25 अंक या 1.55 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,505.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 373.55 अंक या 2.00 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,026.40 पर बंद हुआ।
सूचकांकों में निफ्टी मीडिया 5.15 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 2.85 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 2.80 प्रतिशत टॉप गेनर्स थे। इसके अलावा, निफ्टी इंडिया डिफेंस 2.49 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 2.17 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.04 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 1.65 प्रतिशत और निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.54 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे ज्यादा बढ़ने वाले सूचकांक थे। सूचकांकों में केवल निफ्टी IT ही 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में बीईएल, टाइटन, इंडिगो, बजाज फाइनेंस,आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और भारती एयरटेल गेनर्स थे। टीसीएस, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, एलएंडटी और एचयूएल लूजर्स थे।
जानकारों ने कहा कि दलाल स्ट्रीट पर दिवाली की आतिशबाजी जारी है, जहां रिस्क लेने की क्षमता बढ़ने के साथ मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों के नतीजों से वैश्विक धारणा में सुधार हुआ है। इससे व्यापार और टैरिफ नीतियों को लेकर अधिक संतुलित रुख अपनाने की उम्मीदें जगी हैं, जिससे उभरते बाजारों में एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशकों) का निवेश बढ़ सकता है।
घरेलू स्तर पर, आगामी केंद्रीय बजट में टैक्स में राहत मिलने की उम्मीद, उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजे और त्योहारी सीजन में मजबूत खपत ने इस तेजी को और बढ़ावा दिया। बेहतर कमाई की संभावनाओं और मजबूत घरेलू मांग के चलते निकट भविष्य में बाजार का रुख सकारात्मक रहने की उम्मीद है। वहीं, कच्चे तेल में लगातार गिरावट से भी बाजार को सहारा मिल रहा है।
Updated on:
4 Nov 2026, 5:33 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 5:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.